
प्रतीकात्मक तस्वीर, मेटा एआइ
ANTF Rajasthan Action: राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मादक पदार्थ तस्करी पर शिकंजा कस दिया है। बावजूद इसके तस्कर मादक पदार्थों की तस्करी के लिए नित नए पैंतरे इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन टास्क फोर्स की सजगता से तस्करों के हौसले पस्त हैं। ऐसे ही एक मामले में चित्तौड़गढ़ के शंभूपुरा इलाके में टास्क फोर्स ने बाइक के एयर क्लीनर में छिपाकर ले जाई जा रही 2.7 किलोग्राम अफीम बरामद कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अफीम की खेप मध्यप्रदेश से लाकर जोधपुर ले जा रहे थे। एएनटीएफ अब जोधपुर में तस्करों के नेटवर्क की तलाश कर रही है।
मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने शंभूपुरा थाना क्षेत्र के अरनोदा-गिलूण्ड रोड पर घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल रोकी। जांच में सामने आया कि आरोपी एयर क्लीनर में छिपाकर करीब 2.70 किलोग्राम अवैध अफीम ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर अफीम बरामद करते हुए उनकी बाइक जब्त कर ली है।
एएनटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के नीमच क्षेत्र से दो व्यक्ति बाइक पर अफीम लेकर जोधपुर की ओर जा रहे हैं। इस पर टीम ने अरनोदा-गिलूण्ड रोड पर सादा वर्दी में नाकाबंदी की। जब बाइक सवार वहां पहुंचे तो पुलिस का इशारा देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया। तस्कर बाइक को सड़क पर ही छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
इसके बाद स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अफीम को मोटरसाइकिल के एयर क्लीनर के भीतर छिपा रखा है। पुलिस ने जब बाइक की तलाशी ली तो वहां से 2.70 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने नीमच राजपुरिया निवासी गौतम दास वैष्णव व बंशीलाल नायक को गिरफ्तार किया गया। एएनटीएफ अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह खेप जोधपुर में किसे सप्लाई की जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
Updated on:
07 Apr 2026 10:38 am
Published on:
07 Apr 2026 10:38 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
