
फोटो-पत्रिका
सादुलपुर. अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत स्थानीय पुलिस ने एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन, नशीले कैप्सूल और गांजा के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने साफ कहा कि अब नशा बेचने वालों की खैर नहीं, सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हेरोइन और ट्रॉमाडोल कैप्सूल के साथ आरोपी गिरफ्तार
थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने बताया कि गश्त के दौरान गुलपुरा रोड पर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए रखमान (35) उर्फ रुस्तम निवासी वार्ड नंबर 26 हाल वार्ड नंबर 33, सादुलपुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 5.84 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 100 नशीले ट्रॉमाडोल कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कार्रवाई में एसआई धर्मेन्द्र सिंह, एएसआई पारस कुमार, कांस्टेबल कुलदीप, सुरेश कुमार और कर्मपाल की अहम भूमिका रही। मौके पर मौजूद आईपीएस अधिकारी अभिजित पाटील ने कहा कि नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई
थाना अधिकारी सिहाग ने बताया कि इससे पहले 10 अप्रैल को भी पुलिस ने सुनील उर्फ सुनिया (27) निवासी सुभाष नगर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 ट्रॉमाडोल हाइड्रोक्लोराइड कैप्सूल बरामद किए थे।
हमीरवास थाना की कार्रवाई, 852 ग्राम गांजा जब्त
वहीं, हमीरवास थाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र कुमार (51) निवासी नोरंगपुरा को 852 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। थाना अधिकारी राय सिंह सुथार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जिसकी जिम्मेदारी एसआई कमलेश को सौंपी गई है। इस कार्रवाई में थाना अधिकारी रायसिंह सुथार, एसआई महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल पवन कुमार और कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह रामपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सुजानगढ़ पशु चिकित्सालय में चोरी, 45 हजार का सामान पार
सुजानगढ़. स्थानीय राजकीय पशु चिकित्सालय में चोरी की घटना सामने आई है, जिसका मामला शुक्रवार को कोतवाली पुलिस थाने में दर्ज किया गया। पशुधन निरीक्षक भरत कुमार सैनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई जा रही है। घटना का खुलासा तब हुआ जब चिकित्सालय के एक कमरे की खिड़की की जाली और गेट टूटा हुआ मिला, जिससे चोरों के अंदर घुसने की आशंका जताई जा रही है।
मामले की जांच हैड कांस्टेबल रामलाल को सौंपी गई है, जो घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। घटना की जानकारी जिला अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश, संयुक्त निदेशक को भी दे दी गई है। चोरी की इस वारदात से अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Published on:
19 Apr 2026 12:28 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
