18 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Railways News : अब सफर होगा फास्ट और स्मूद, चूरू–रतनगढ़ ट्रैक पर 110 की रफ्तार

रेलवे की ओर से यह गति वृद्धि सिग्नलिंग सिस्टम के आधुनिकीकरण, पूर्ण विद्युतीकरण, ट्रैक उन्नयन और अन्य तकनीकी व संरचनात्मक सुधारों के बाद संभव हो सकी है। नई सिग्नलिंग व्यवस्था से ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय हुआ है, वहीं कई पुराने गति प्रतिबंध भी हटा दिए गए हैं।

2 min read
Google source verification

चूरू. उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल संचालन को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक अहम उपलब्धि हासिल की है। बीकानेर मंडल के चूरू–रतनगढ़ दोहरी लाइन रेलखंड पर ट्रेनों की सेक्शनल स्पीड बढ़ाकर यात्रियों को बड़ी राहत दी गई है।मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, चूरू से रतनगढ़ तक किलोमीटर 280 से 325 के बीच लगभग 45 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर ट्रेनों की गति 90 किमी/घंटा से बढ़ाकर 110 किमी/घंटा कर दी गई है।

रेलवे की ओर से यह गति वृद्धि सिग्नलिंग सिस्टम के आधुनिकीकरण, पूर्ण विद्युतीकरण, ट्रैक उन्नयन और अन्य तकनीकी व संरचनात्मक सुधारों के बाद संभव हो सकी है। नई सिग्नलिंग व्यवस्था से ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय हुआ है, वहीं कई पुराने गति प्रतिबंध भी हटा दिए गए हैं।

इस बदलाव का सीधा लाभ यात्रियों को मिलेगा, क्योंकि अब ट्रेनों का यात्रा समय कम होगा और सफर पहले से अधिक आरामदायक व सुगम बनेगा। साथ ही इस रेलखंड की क्षमता में वृद्धि होने से भविष्य में अधिक ट्रेनों के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह पहल न केवल यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति देगी। उत्तर पश्चिम रेलवे का यह कदम आधुनिक रेलवे नेटवर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

गर्मी में राहत : सादुलपुर होकर दौड़ेगी काकिनाडा–हिसार स्पेशल

चूरू. ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने काकिनाडाटाउन–हिसार–काकिनाडा टाउन साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन शुरू किया है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन संख्या 07717 काकिनाडा टाउन–हिसार (Hisar) साप्ताहिक स्पेशल 21 अप्रैल को सुबह 5:40 बजे काकिनाडा टाउन (Kakinada Town) से रवाना होकर गुरुवार दोपहर 1:40 बजे हिसार पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 07718 हिसार–काकिनाडा टाउन साप्ताहिक स्पेशल 24 अप्रैल को दोपहर 2:10 बजे हिसार से प्रस्थान कर रविवार रात 9:35 बजे काकिनाडा टाउन पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन मार्ग में सामलकोट, राजमुंदरी, विजयवाड़ा, गूंटूर, नंदूरबार, उधना, वडोदरा, चित्तौड़गढ़, अजमेर, सीकर, झुंझुनूं, लोहारू और सादुलपुर (Sadulpur) सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 फर्स्ट एसी, 3 सेकेंड एसी, 5 थर्ड एसी, 8 शयनयान, 4 सामान्य श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह विशेष रेलसेवा गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को आरामदायक यात्रा सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।