
चूरू. शहर रोशनी व उल्लास के पावन पर्व दीपावली की तैयारियों में जुटा है। बाजारों में बुधवार को खरीदारों की भीड़ उमड़ी। महिलाओं व युवतियाें ने उत्साह से शॉपिंग की। बच्चों में भी अपनी पसंद का सामान खरीदने को लेकर होड़ मची रही। हालांकि दीवाली में अभी चार दिन शेष है। मगर, शहर के हर बाजार लोगों की रौनक से लबरेज हैं। त्योहार के मौके पर पूरा शहर रंग- बिरंगी रोशनी से सराबोर होगा। मगर, इस बार बजट के अभाव के चलते शहर के सफेद घंटाघर व धर्मस्तूप पर रोशनी नहीं होगी। नगरपरिषद् की वजह बजट का अभाव बता रहा है। इस बार कई शुभ संयोग बनने के कारण लोग जमकर खरीद कर रहे हैं।
चल रहा विशेष सफाई अभियान
दीपावली को लेकर शहर में नगरपरिषद की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त अनिता खीचड़ ने बताया कि त्योहार के मौके पर स्थायी 173 व 160 अस्थायी सफाई कार्मिकों की ड्यूटी का समय बढाया गया है। इसके अलावा 16 ट्रेक्टरों के फेरे बढाए गए हैं। सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए फायरमैनों की ड्यूटी लगाई गई है। त्योहार के मौके पर आगजनी की संभावित घटनाओं को देखते हुए दो फायर ब्रिगेड तैनात की गई है। इसके अलावा शहर की सभी रोड लाइटें ठीक की गई हैं। इस बार बजट का अभाव होने के कारण शहर के सफेद घंटाघर व धर्मस्तूप पर रोशनी की सजावट नहीं की जाएगी।
यहां रहेगा वनवे ट्रेफिक
त्योहार के मौके पर बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए धनतेरस से वनवे ट्रेफिक किया जाएगा। सीओ सिटी जयप्रकाश अटल ने बताया कि गढ चौराहे से वनवे ट्रेफिक रहेगा। इसके अलावा सुभाष चौक से एक तरफा यातायात किया जाएगा। इस दौरान मुख्य बाजारों में दुपहिया व चौपहिया वाहनों सहित ऑटो रिक्शा बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। सुरक्षा को लेकर पुलिस के कांस्टेबल व महिलाकर्मियों को कई प्वाईंट्स पर तैनात किया जाएगा।
नहीं होगी बिजली कटौती
दीवाली पर रोशनी बरकरार रहे इसके लिए जोधपुर डिस्कॉम के कई तरह के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसइ वसीम इकबाल ने बताया कि करीब पौने दो करोड़ खर्च कर बिजली आपूर्ति की व्यवस्थाओं में सुधार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार 18 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का प्रबंध किया गया है। शहर में करीब 30 ट्रांसफार्मर बदले गए हैं। जिससे विद्युत लोड बढने पर ट्रिपिंग नहीं होगी। इसके अलावा 5 जीएसएस की मरम्मत कर 4 ब्रेकर बदले गए हैं। एक्सइएन भागीरथ साख के मुताबिक हर ट्रांसफार्मर पर कार्मिक तैनात किए गए हैं।
डीबी अस्पताल में बर्न टीम तैनात
दीवाली के मौके पर पटाखों से आंखें प्रभावित होने के मामलों के अलावा जलने की घटनाएं होती है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए राजकीय डीबी अस्पताल में आई टीम तैनात की गई है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. हनुमान जयपाल ने बताया कि दीवाली पर पटाखों से आइ बर्न के मामले अधिक आते हैं। ऐसी आपात स्थिति को लेकर आई बर्न यूनिट तैनात की गई है। जिसमें एक नेत्र रोग सर्जन व ऑक्टो सर्जन की टीम तैनात की गई है।
Published on:
09 Nov 2023 11:05 am
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
