
diwali festiwal celebrate churu
चूरू. मां लक्ष्मी के स्वागत के पांच दिवसीय पर्व दीपावली के दूसरे दिन बुधवार को रूप चतुर्दशी के साथ ही छोटी दिवाली मनाई गई। घर-घर खुशियों के दीप जले। रोशनी से घर-आंगन व शहर जगमगा उठे। वहीं घरों में महिलाओं व युवतियों ने हल्दी, चंदन, बेसन के उबटन लगाकर रूप निखारकर पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया। मरुधरा का आरोग्य फल तुंबा रखकर नारी शक्ति ने अपने रूप को निखारा। रूप चतुर्दशी पर शहर के ब्यूटी पार्लरों में बुधवार शाम तक महिलाओं-युवतियों की भीड़ रही।
व्यंजनों से महकने लगी रसोई
महिलाएं दिनभर घरों में व्यंजन बनाने में व्यस्त रही। बच्चे भी उत्साह से काम में परिजनों का हाथ-बंटाते नजर आए। व्यंजनों की खुशबू से महकती रसोई ने पर्व का मजा दोगुना कर दिया। छोटी दिवाली पर रात को घर-परिवार के सदस्यों ने दीप जलाकर पूजन किया। सात दीपकों का पूजन कर उन्हें घर के हर कौने में सजाया। घर में इसी तरह चहुंओर उजियारा रहे की मंगलकामना के साथ परिवार के सभी सदस्यों ने देवी-देवताओं का आह्वान किया।
ड्राइ फू्र ट्स खरीदने पर रहा जोर
दीपावली पर्व पर घर आने वाले मेहमानों की मनुहार अब लोग सिंथेटिक मावे व कलर से निर्मित मिठाई की बजाय बाजार में बिकने वाले ड्राइ फू्रट्स से करेंगे। इसके लिए लोगों ने बाजार में खरीदारी शुरू कर दी है। लोगों ने बताया कि बाजार में बिकने वाली मिठाई सिंथेटिक मावे व कलर से बनती है। जो शरीर को नुकसान पहुंचाती है। इसकी बजाय अब सेहत को लाभ देने वाले काजू, बादाम व किशमिश से मनुहार की जाएगी। बाजार के काजू व्यापारियों का कहना है कि इस बार लोग ड्राई फ्रूटस की ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं। लोग अब मिठाई से ज्यादा ड्राई फू्रट्स पर विशेष जोर दे रहे हैं। इसमें मुख्य रूप से काजू, बादाम, पिस्ता व किशमिश आदि की बिक्री हो रही है।
मिलावट का डर कम
मिठाई में मिलावट का डर रहता है। ड्राई फू्रटस से मिलावट का डर नहीं रहता है। लोग बाजार में खुले की अपेक्षा पैकिंग आने वाले ड्राइ फू्रट्स को खरीदना पसंद करते है।
इनके घर दिवाली से पहले दीप
सादुलपुर. स्थानीय डा.सुश्री प्रतिभा पूनिया ने आरएएस की परीक्षा में टॉप-टेन में नवां स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। प्रतिभा ने प्रथम प्रयास में ही आरएएस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। हमीरवास निवासी एवं चांदगोठी स्कूल में प्राचार्य रमेश पूनिया व शिक्षक माता कमलादेवी की पुत्री प्रतिभा ने इस सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया है।
साहवा . धन तेरस के दिन जारी किए गए राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आएएस) के परिणाम में साहवा की दो बहुओं का चयन हुआ है। सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापक बंशीधर उपाध्याय की पुत्रवधु डा. धीरज ने ३३०वां स्थान प्राप्त किया है। धीरज राउमावि पिपराली सीकर में वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान) के पद पर कार्यरत है। पति कपिल उपाध्याय रामगढ़ शेखावाटी में तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, साहवा के ही सेवानिवृत्त अध्यापक प्रभूदयाल तिवाड़ी की पुत्रवधु प्रियंका ने ३६१वां तथा सामान्य महिला में49वां स्थान प्राप्त किया है। प्रियंका वर्तमान में राउमावि राधाबड़ी सादुलपुर में व्याख्याता (रसायन विज्ञान) के पद पर कार्यरत हैं। पति किशनलाल तिवाड़ी भी अध्यापक हैं। दोनों ने क्रमश: तीसरे व चौथे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की है। सरपंच ममता सिहाग सहित गांव के अनेक लोगों ने दोनों को बधाई दी।
Published on:
19 Oct 2017 05:39 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
