7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किसानों ने तहसील कार्यालय का किया घेराव, कार्यालय में घुसने का प्रयास तो पुलिस ने…

फसल बीमा क्लेम देने, नहर का निर्माण कार्य पूरा करवाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसानों ने मंगलवार दोपहर तहसील कार्यालय का घेराव किया।

2 min read
Google source verification
Farmers protest in Taranagar churu

Farmers protest in Taranagar churu

तारानगर. फसल बीमा क्लेम देने, नहर का निर्माण कार्य पूरा करवाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी से जुड़े किसानों ने मंगलवार दोपहर तहसील कार्यालय का घेराव किया। किसानों ने तहसील कार्यालय के अंदर घुसने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने तहसील कार्यालय का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया और किसानों को अंदर नहीं घुसने दिया। इससे घेराव में शामिल कई महिलाएं आक्रोशित हो गई और उन्होंने व किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए किसानों की मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। कुछ देर चले घेराव के बाद तहसीलदार राजेन्द्रसिंह ने तहसील कार्यालय के बाहर मौके पर पहुंचकर किसान सभा के पदाधिकारियों व किसानों के साथ वार्ता कर उनकी मांगों का निराकरण करवाने का आश्वासन दिया। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मांगों का निराकरण करने की मांग की।

घेराव से पूर्व तहसील कार्यालय के आगे आयोजित किसान सभा को संबोधित करते हुए निर्मल प्रजापत, उमराव सहारण, रामजीलाल कुलडिय़ा, चिमनाराम पांडर, ताराचंद कस्वा, बलराम मोगा, मदन स्वामी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ धोखा कर उनका हक हड़पना चाहती है लेकिन वे किसानों के साथ अन्याय नही होने देंगे। किसान एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें व हक के लिए लडें़। संचालन पूर्णाराम सरावग ने किया।


दाताराम भाकर, हरलाल गोदारा, आदराम कस्वा, रामकुमार गोदारा, सुल्तान पूनिया, केवलाराम मेघवाल, हेतराम बोला, धर्माराम सहारण, अमीलाल गोस्वामी, प्रभुराम, मोहरसिंह, जसुराम, सोनी देवी मेघवाल, हसती मेघवाल, गीता मेघवाल, सुशीला आदि किसान सभा व घेराव प्रदर्शन में शामिल थे।

ये है प्रमुख मांगें


कमेटी ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर खरीफ व रबी फसल का बीमा क्लेम देने, सात्यूं मौसम केन्द्र से जुड़े गांवों के किसानों का वर्ष 2014-15 का बैंकों में बकाया बीमा क्लेम दिलवाने, चौधरी कुम्भाराम आर्य लिफ्ट नहर को बजट देकर अधूरा पड़ा निर्माण कार्य पूरा करवाने, डिगियों का अधूरा पड़ा निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने, नहर का काटा गया रकबा वापिस जोडऩे, वंचित गांवों को नहर से जोडऩे, बुवाई के समय सिंचाई के लिए नहर में अतिरिक्त पानी छोडऩे, बीमा कंपनियों की ओर से लिया गया अतिरिक्त बीमा प्रीमियम वापिस दिलवाने, राशन वितरण में की गई कटौती वापिस लेकर लोगों को पूरा राशन देने, तहसील के प्रत्येक हल्का पटवार भवनों पर पटवारियों की नियुक्ति करने, विद्युत बिलों की गडबड़ी दूर करने, विद्युत बिलों की दरों को कम करने, किसानों से वसूला गया अतिरिक्त ब्याज वापिस देने की मांग की।