
Rajasthan Churu Lpg Cylinder Blast: राजस्थान के चूरू जिले की रतनगढ़ तहसील के गांव जान्दवा के बिका की ढाणी में शादी वाले घर में 11 में से 10 सिलेंडर एक के बाद एक धमाके से फट गए। शुक्रवार सुबह 11 बजे हुए तेज धमाकों की आवाज से पूरा गांव दहल गया। ग्रामीण मौके पर दौड़कर आए। सिलेंडर फटने से लगी आग में करीब दो लाख का दहेज का सामान व पड़ौसी का एक झोंपड़ा जलकर राख हो गया। हादसे के वक्त घर में सिर्फ तीन महिलाएं थी। गनीमत रही कि किसी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ। लेकिन, इन धमाकों ने जोधपुर सिलेंडर ब्लास्ट कांड की याद दिला दी है।
जानकारी के मुताबिक 4 मार्च को घर में सूर्यप्रकाश शर्मा की व 6 मार्च को उसकी बहन सविता की शादी है। ऐसे में घरेलू गैस सिलेंडर घर में लाकर रख गए थे। हादसा उस वक्त हुआ जब घर के सब लोग शादी की खरीद को लेकर चूरू गए हुए थे। सिलेंडर फटने से लगी आग में करीब दो लाख का दहेज का सामान व पड़ौसी का एक झोंपड़ा जलकर राख हो गया। ग्रामीणो ने घटना की जानकारी चूरू दमकल विभाग को दी। इसके बाद मौके पर गई दमकल ने आग पर काबू पाया।
सूर्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि घटना के समय उसकी मां रेवन्ती, भाभी पूनम व बहन सविता ही घर थे। बाकी सब लोग शादी की खरीदारी करने चूरू आए थे। हादसे की जानकारी उसकी बहन सविता ने फोन पर दी। हालांकि परिवार के लोग गैस सिलेंडर भभकने का कारण फिलहाल नहीं बता पा रहे हैं। गनीमत ये रही कि कोई जनहानी नहीं हुई।
घास-फूस के छप्पर में रखे सिलेंडर अचानक भभकने लगे। एक के एक बाद एक 11 में से 10 सिलेंडर फटे। एक सिलेंडर करीब आधा किमी दूर श्मशान में जाकर गिरा। एक सिलेंडर 300 मीटर दूर पड़ोसी के खेत में जाकर गिरा। वहीं एक सिलेंडर पड़ोस में रहने वाले किसान के झोंपड़े पर जाकर गिरा। जिससे झोंपड़ा जल गया। धमाकों से पूरा गांव दहल गया। ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
चूरू जिले के जान्दवा गांव की बिका की ढाणी में हुए धमाकों ने जोधपुर सिलेंडर कांड की यादें एक बार फिर ताजा कर दी है। बता दें कि जोधपुर में भी दिसंबर, 2022 में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया था। शेरगढ़ के पास भूंगरा गांव में शादी समारोह में 5 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट में दूल्हे के माता और पिता समेत 24 लोगों की मौत हो गई थी। जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे। सिलेंडरों ब्लास्ट उस वक्त हुआ था, जब बारात घर से निकलने की तैयारी हो रही थी।
Published on:
01 Mar 2024 02:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
