
Churu News: सादुलपुर। निकटवर्ती गांव गुलपुरा में सोमवार देर शाम को सरपंच की शिकायत पर अतिक्रमण हटवाने गई पुलिस के साथ एक परिवार के लोगों ने हाथापाई की। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ने की बात भी सामने आई है। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। गांव के अन्य लोगों ने आरोपियों को समझाया भी, लेकिन कोई असर नहीं रहा है।
मामले में पुलिस ने एक आरोपी सहित तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है। आईपीएस अधिकारी प्रशांत किरण ने बताया कि ग्राम पंचायत गुलपुरा के सरपंच की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा पांच दर्जन से अधिक ग्रामीण आरोपियों के विरोध में खड़े थे। निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाने और अतिक्रमण की शिकायत पर आरोपियों को समझने का भी प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस के साथ हाथापाई करने का प्रयास किया।
शांति भंग के आशंका को देखते हुए पुलिस ने चेतावनी भी दी। लेकिन फिर भी एक परिवार के लोग मारपीट पर उतारू हो गए। जिस पर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ कर हिरासत में लेने का प्रयास किया तो आरोपी के परिवार जनों तथा महिलाओं ने पुलिस दल के साथ धक्का मुक्की करने लगे तथा एक कांस्टेबल की वर्दी को पकड़कर फाड़ने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने गांव में चल रहे खुरा निर्माण कार्य को रोक कर निर्माण कार्य को तोड़ दिया।
उन्होंने गांव के चौक में अतिक्रमण कर रखा था। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के सार्वजनिक चौक में कूड़ा कचरा डालकर भी अतिक्रमण किया हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत की ओर से खुर्रा निर्माण कार्य चल रहा था। जिसको आरोपियों ने तोड़ दिया तथा इसी शिकायत पर कार्रवाई के दौरान उक्त घटना हुई अनेक ग्रामीणों ने कहा कि काफी वर्षों से अतिक्रमण के कारण समूचा गांव परेशान था तथा समस्या समाधान में सहयोग नहीं किया जा रहा था।
Updated on:
27 Aug 2024, 3:06 PM IST
Published on:
27 Aug 2024, 1:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.