चूरू. शहर से नबालिग लड़की का अपहरण कर ले जाने के आरोपी को गिरफ्तार करने व लड़की को बरामद करने की मांग को लेकर शुक्रवार को सर्व समाज के लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप इन्द्रमणि पार्क से आक्रोश रैली भी निकाली, जिसमें सैकडों लोग मौजूद रहे। रैली में लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए और जमकर आरोप लगाए। इन्द्रमणि पार्क से रैली शुरू होने से पूर्व सर्व समाज के लोग धर्मस्तूप के पास ही प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने उन्हे वहां से हटाने की कोशिश की लेकिन नहीं मानी। जाम यहां करीब दस मिनट के प्रर्शदर्शन के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके बाद रैली मुख्य मार्ग से होते हुए स्टेशन पर पहुंची। यहां पर युवा सड़क के बीच में बैठ गए और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। करीब दस मिनट तक यहां भी जाम लगाया। इस कारण यहां भी वाहनों की कतार लग गई। यहां से रैली कलक्ट्रेट सर्किल पर पहुंची। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए नारे लगाए। सड़क के बीच में बैठ गए। ऐसे में दोनों और वाहनों की कतार लग गई। यहां करीब पौन घंटे तक जाम रहा। इस कारण बसों में सवार यात्रियों को बीच में ही उतरकर गंतव्य तक जाना पड़ा।
यहां जोर आजमाइस
सर्व समाज के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे। प्रदर्शन करने वाले नारे लगाते जब कलक्ट्रेट गेट में घुसने लगे तो पुलिस ने उन्हे रोक लिया। पुलिस और लोग एक बारगी आमने-सामने हो गए। कुछ लोग पुलिस से उलझते भी नजर आए। पुलिस एक प्रतिनिधिमंडल को ही अंदर जाने की अनुमति दी।
कलक्टर से वार्ता
प्रतिनिधिमंडल पीडि़त परिवार के साथ कलक्टर से मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी में होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। कलक्टर ने लोगों को आश्वासन दिया कि पांच दिन में मामले में सफलता हासिल कर ली जाएगी। इस पर भाजपा नेता हरलाल सहारण ने कहा कि पांच दिन बाद यदि सफलता नहीं मिलती है तो इससे भी बड़ा आंदोलन पूरे जिले में किया जाएगा।
वार्ता में ये रहे मौजूद
कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग, एसपी राजेश कुमार की मौजूदगी में हुई वार्ता में भाजपा नेता हरलाल सहारण, विमल सारस्वत, बसंत शर्मा, सुरेश सारस्वत, भास्कर शर्मा, मदन गोपाल बालाण, श्रीराम शर्मा, विमल गढ़वाल, पीडि़त परिवार सहित अनेक लोग मौजूद थे।