
रतनगढ़.
मध्यप्रदेश के रतलाम से इनोवा को सालासर बालाजी के दर्शन करने के बहाने किराए करके लाए तीन युवकों ने चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बीच रास्ते में पटक दिया और इनोवा लेकर भाग आए।
रतनगढ़ थानाधिकारी राणीदान ने सूचना पर तत्परता बरतते हुए यहां कस्बा चौकी प्रभारी पवन शर्मा को मय स्टाफ नाकाबन्दी पर तैनात कर दिया। इनोवा शुक्रवार को सुबह करीब 6.30 बजे नाकाबन्दी तोड़कर सरदारशहर रोड की ओर भागी।
चौकी प्रभारी पवन शर्मा ने तुरन्त मालासर टोल नाका पर फोन किया और पूरी बात बताई। मालासर टोल नाका वाले आगे रास्ता रोककर तैयार मिले। इनोवा के चालक ने गाड़ी वापस घुमाई, लेकिन उनका दुर्भाग्य रहा कि वह मालासर से दो तीन किमी रतनगढ़ की ओर आते ही मोड़ पर वहीं पलटा खा गई।
इनोवा के पलटा खा जाने से इसमें दो जनों को मामूली चोटें आई जबकि एक मनीष पुत्र प्रेमचन्द-35 निवासी फिरोजपुर-पंजाब गम्भीर घायल हो गया। उसे रतनगढ़ के राजकीय सामान्य चिकित्सालय लाए और चिकित्सकों ने बीकानेर रैफर कर दिया।
राजलदेसर के पास पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। दूसरे घायल इरफान व विमल पुत्र जसपाल को मामूली चोटें आई जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया। इनमें से विमल जसपाल को एसीजेएम अविनाश चौधरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
दूसरे से पूछताछ जारी थी। इन्होंने पुलिस को बताया कि इनोवा किराए की थी और रास्ते में भीलवाड़ा के पास एक होटल में चालक सतीश शर्मा (50) निवासी रतलाम को नशीला पदार्थ खाने में खिलाकर वहीं पटक दिया।
रतनगढ़ पुलिस ने इनोवा को लापरवाही से चलाकर दुर्घटनागस्त कर देने पर विमल पुत्र जसपाल के विरूद्ध संबंधित धारा में मामला दर्ज कर लिया और उसे एसीजेएम के समक्ष पेश कर न्यायालय भिजवा दिया। दूसरी ओर रतलाम में चालक की ओर से इनके विरूद्ध इनोवा लूट का मामला दर्ज किया गया है।
Published on:
10 Mar 2018 06:03 pm

बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
