
चूरू. मरुधरा का प्रवेश द्वार कहलाने वाला चूरू मंगलवार को भीषण गर्मी और फिर अचानक बदले मौसम का गवाह बना। दिनभर आसमान से आग बरसती रही और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया, लेकिन बाद में मौसम ने ऐसा करवट बदली कि झमाझम बारिश ने तपते शहर को राहत की ठंडी फुहारों से भिगो दिया। जिले का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री के आसपास रहा।
सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर दिखाई देने लगे थे। सुबह 9 बजे के बाद ही धूप इतनी तेज हो गई कि सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर तक गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने हालात और बिगाड़ दिए।
सूनी हुई सड़कें
भीषण गर्मी का असर शहर की दिनचर्या पर साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय बाजारों और मुख्य सड़कों पर सन्नाटा छा गया। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरा ढककर गर्मी से बचने का प्रयास करते नजर आए। गर्म हवाओं के कारण राहगीरों, दुपहिया वाहन चालकों और मजदूर वर्ग को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। बाजारों में भी चहल-पहल कम रही और लोग ठंडे पेय पदार्थों व छांव का सहारा लेते दिखाई दिए।
शाम को बदला मौसम का मिजाज
दिनभर गर्मी झेलने के बाद शाम होते-होते मौसम (Weather) ने अचानक करवट ले ली। आसमान में काले बादल छा गए और तेज धूलभरी हवाएं (Dusty Winds) चलने लगीं। देखते ही देखते तेज आंधी (Storm) के साथ बारिश (Rain) शुरू हो गई। झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी। बारिश शुरू होते ही बच्चों और युवाओं में उत्साह देखने को मिला। कई लोग घरों और दुकानों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लेते नजर आए।
कई इलाकों में जलभराव, वाहन चालकों को हुई दिक्कत
बारिश का दौर तेज होने के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक हुई बारिश के कारण बाजारों में लोग दुकानों और छज्जों के नीचे खड़े होकर बारिश रुकने का इंतजार करते दिखाई दिए। वहीं ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
अगले दिनों में भी राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम में बदलाव बना रह सकता है। हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना जताई गई है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
आंधी-बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली बड़ी राहत
सरदारशहर. भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली धूप से परेशान क्षेत्रवासियों को मंगलवार शाम अचानक बदले मौसम ने बड़ी राहत दी। दिनभर तपिश और उमस से बेहाल लोगों ने शाम को चली तेज हवाओं, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश के बीच राहत की सांस ली। क्षेत्र के पातलीसर, भोजूसर, बन्धनाऊ, दुलरासर सहित आसपास के कई गांवों में तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित रहा।
खेतों में काम कर रहे किसान और रास्ते में चल रहे वाहन चालक सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए। इधर शहर में भी दिनभर गर्मी और उमस के बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट ले ली। पहले तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे कुछ देर के लिए दृश्यता प्रभावित हो गई। बाजारों और मुख्य मार्गों पर उड़ती धूल के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसने मौसम को सुहावना बना दिया। हालांकि बूंदाबांदी कुछ ही देर में थम गई, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई।
अचानक बदले मौसम के बाद बाजारों और मुख्य चौराहों पर लोगों की चहल-पहल बढ़ गई। कई लोग घरों और दुकानों के बाहर खड़े होकर ठंडी हवाओं का आनंद लेते नजर आए। मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और दिनभर की तपिश कम हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही तेज गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था, लेकिन मंगलवार शाम हुई बारिश और बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया। किसानों ने भी इस बारिश को फसलों और पशुओं के लिए फायदेमंद बताया है।
सांखू में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी, गर्मी से राहत
सांखूफोर्ट. क्षेत्र में पिछले चार-पांच दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने आमजन, पशु-पक्षियों और किसानों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर रखा था। मंगलवार को भी सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। चिलचिलाती धूप के कारण सुबह से ही वातावरण में तेज तपिश महसूस होने लगी और दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान नजर आने लगीं। गर्मी और लू के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। पशु-पक्षी भी छांव और पानी की तलाश में भटकते दिखाई दिए। दिनभर तेज धूप के चलते बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल कम रही।
दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और शाम करीब पांच बजे तेज हवाओं के साथ कड़कड़ाती बिजली चमकने लगी। इसके बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। अचानक बदले मौसम से क्षेत्र में ठंडक महसूस की गई। लोग घरों और दुकानों के बाहर निकलकर ठंडी हवाओं का आनंद लेते नजर आए। समाचार लिखे जाने तक आसमान में घने काले बादल छाए हुए थे और मौसम खुशनुमा बना हुआ था।
दिन में झुलसाती धूप, रात में उमस ने छीना सुकून
सुजानगढ़.मरुधरा में इन दिनों मौसम का मिजाज बेहद कठोर बना हुआ है। दिन में सूरज का तीखा प्रकोप और रात में उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मंगलवार को पूरा दिन भीषण गर्मी की चपेट में रहा, जहां तेज धूप और गर्म हवाओं ने आमजन को बेहाल कर दिया। सुबह से ही सूरज की तपिश तेज होने लगी, जिससे दिन चढ़ते ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर के समय हालात इतने खराब रहे कि मुख्य बाजार, स्टेशन रोड, गांधी चौक और घंटाघर क्षेत्र में आवाजाही काफी कम हो गई। लोग जरूरी काम निपटाकर जल्दी घरों की ओर लौटते नजर आए।
दिनभर की झुलसाने वाली गर्मी का असर रात में भी कम नहीं हुआ। उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पाई और पसीने से परेशान लोग चैन की नींद नहीं सो सके। कूलर और पंखों की हवा भी इस भीषण गर्मी के आगे बेअसर साबित हो रही है। र्मी का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर देखा जा रहा है, जिन्हें इस मौसम में अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर की तपिश से दीवारें तक गर्म हो रही हैं, जिससे रात में भी वातावरण में गर्माहट बनी रहती है।
स्कूलों की छुट्टी के समय सुबह 11 से 12 बजे के बीच बच्चों को घर लौटते वक्त भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर निकलते ही लू के थपेड़े और तेज धूप लोगों को बेहाल कर रहे हैं। कुल मिलाकर, सूरज की आग और उमस भरी हवाओं ने पूरे क्षेत्र के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
Published on:
13 May 2026 01:04 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
