
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शॉट खेलते हुए। (फोटो सोर्स: IANS)
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में इसकी झलक भी देखने को मिली, जहां भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की थी। दूसरे मुकाबले से पहले अभिषेक शर्मा ने जियो स्टार से वर्ल्ड कप को लेकर अपनी तैयारी के बारे में खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने एक ऐसा जवाब दिया, जिसने सोशल मीडिया पर अलग ही चर्चा छेड़ दी है।
दरअसल, अभिषेक शर्मा युवराज सिंह से ट्रेनिंग लेते हैं और वह उनके कोच भी हैं। ऐसे में माना जा रहा था कि अभिषेक युवराज सिंह को ही फॉलो करते हैं, लेकिन वर्ल्ड कप से पहले उन्होंने यह साफ किया कि वह रोहित शर्मा के नक्शे कदम पर चल रहे हैं। अभिषेक ने बताया कि गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव भी उनसे यही चाहते हैं।
अभिषेक शर्मा ने जुलाई 2024 में टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया था और अपनी तेजतर्रार बल्लेबाजी से वह जल्द ही दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बन गए। उन्होंने अब तक 34 टी20 मुकाबलों में दो शतक और सात अर्धशतक की मदद से 1199 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट लगभग 200 का रहा है। टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा भी इसी तरह बल्लेबाजी करते थे।
अभिषेक ने टीम इंडिया में रोहित शर्मा के प्रभाव के बारे में बात करते हुए कहा, “रोहित भाई ने देश के लिए बहुत कुछ किया है। पावरप्ले में वह जो शुरुआत देते थे, वह हमेशा विरोधी टीम पर दबाव बनाती थी। मुझसे यही चाहा गया है। मुझे लगता है कि मेरी बल्लेबाजी शैली भी उनके जैसी ही है, क्योंकि मुझे भी शुरुआत से आक्रामक खेलना पसंद है। मैं रोहित भाई के नक्शे कदम पर चल रहा हूं और मुझे इस तरह से खेलकर बहुत खुशी होती है।”
उन्होंने यह भी माना कि उनकी बल्लेबाजी में अभी सुधार की गुंजाइश है, लेकिन टीम के लिए उनकी भूमिका पूरी तरह स्पष्ट है। अभिषेक ने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं पूरी तरह परिपक्व हो गया हूं, क्योंकि हमेशा सुधार की गुंजाइश रहती है। लेकिन मुझे लगता है कि मेरी भूमिका पहले छह ओवर में आक्रामक क्रिकेट खेलना है।”
आपको बता दें कि रवि शास्त्री ने भी अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी अभिषेक शर्मा ही होगा। भारतीय टीम 7 फरवरी से अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगी, जबकि 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाएगा, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी होंगी।
Updated on:
23 Jan 2026 08:41 pm
Published on:
23 Jan 2026 08:40 pm

बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
