
टी-20 के बाद वनडे में भी अफगानिस्तान ने आयरलैंड को किया चित, 2-1 से जीता सीरीज
नई दिल्ली। अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम अब अपने से पुरानी टीमों को कड़ी चुनौती दिख रही है। अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम ने आयरलैंड का दौरा किया था। जहां इन दोनों देशों के बीच तीन टी-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली गई। अफगानिस्तान के लिए खास बात यह रही कि उन्होंने टी-20 और वनडे दोनों सीरीजों में बेहतरीन जीत हासिल की। गुरुवार को खेले गए तीसरे वनडे मैच में अफगानिस्तान ने आयरलैंड को आठ विकेट के अंतर से हराते हुए सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
मैच का संक्षिप्त विवरण-
गेंदबाजों की कसी गेंदबाजी के बाद इशानुल्लाह जनत (नाबाद 57) के अर्धशतक की बदौलत अफगानिस्तान ने शुक्रवार को आयरलैंड को तीसरे वनडे मैच में आठ विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीत ली। मेजबान आयरलैंड ने यहां सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब मैदान में टॉस जीकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और उसकी पूरी टीम 36.1 ओवर में 124 रन पर ढेर हो गई। अफगानिस्तान ने 23.5 ओवर में दो विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।
जनत की बेहतरीन बल्लेबाजी -
अफगानिस्तान की ओर से जनत ने 62 गेंदों की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए। हशमतुल्लाह शाहिदी ने 44 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 34 और रहमत शाह ने 35 गेंदों पर पांच चौकों की बदौलत 33 रन का योगदान दिया। आयरलैंड के लिए टिम मुर्तगे और बोयड रेंकिन ने एक-एक विकेट लिए।
राशिद मैन ऑफ द सीरीज -
इससे पहले, अफगानिस्तान ने अपनी शानदार गेंदबाजी से मेजबान टीम को 124 रन पर ढेर कर दिया। आयरलैंड के लिए गैरी विल्सन ने सर्वाधिक 23 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से राशिद ने 18 रन पर तीन विकेट लिया। राशिद को प्लेयर आफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। इसके अलावा आफताब आलम ने 22 रन पर दो विकेट, गुलबदीन नैब ने 34 रन पर दो विकेट, मोहम्मद नबी ने 34 रन पर दो विकेट और कप्तान असगर अफगान ने एक रन पर एक विकेट हासिल किया।
Published on:
31 Aug 2018, 11:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.