
रोहित शर्मा और विराट कोहली (फोटो-IANS)
Asia Cup 2027: एशिया कप2027 को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 18 जून 2027 से होगी, जबकि फाइनल मैच 4 जुलाई को खेला जाएगा। इस बार मैच वनडे (ODI) फॉर्मेट में आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की ओर से अभी तक आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है, लेकिन संभावित तारीखों के सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है। इसी के साथ एक बार फिर इस बात को लेकर यह चर्चा तेज हो गई है कि एशिया कप के इतिहास में सबसे सफल टीम कौन रही है।
रिपोर्ट्स की माने तो, एशिया कप 2027 की मेजबानी बांग्लादेश (Bangladesh) को सौंपी गई है। इसके लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 3 अंतरराष्ट्रीय स्टेडियमों को संभावित वेन्यू के रूप में प्रस्तावित किया है। इनमें मीरपुर (Mirpur) का शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम, सिलहट (Sylhet) इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम (चटगांव) शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने अंतिम मंजूरी देने से पहले इन तीनों मैदानों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था के साथ अन्य जरूरी तैयारियों की विस्तार से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर ही टूर्नामेंट के फाइनल वेन्यू और मैचों का कार्यक्रम तय होगा।
मीडिया से बातचीत में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सईद इब्राहिम अहमद ने पुष्टि की कि बोर्ड ने अपने 3 नियमित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदानों को एशिया कप 2027 की मेजबानी के लिए प्रस्तावित किया है। उनका कहना है कि बोर्ड टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियों पर काम कर रहा है।
वहीं, एशिया कप के इतिहास की बात करें तो भारत सबसे सफल टीम रही है। भारतीय टीम ने अब तक कुल 9 बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। इनमें 7 बार वनडे (ODI) और 2 बार टी20 (T20) फॉर्मेट में ट्रॉफी जीती है। भारत ने अलग-अलग दौर में अपने शानदार प्रदर्शन से इस टूर्नामेंट पर दबदबा बनाए रखा है और रिकॉर्ड सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम का है।
भारत के बाद सबसे सफल टीम श्रीलंका है, जिसने अब तक 7 बार एशिया कप का खिताब जीता है। वहीं पाकिस्तान 2 बार चैंपियन बना है। इसके अलावा बांग्लादेश, अफगानिस्तान और अन्य एशियाई टीमें कई बार फाइनल तक पहुंचीं, लेकिन अब तक खिताब अपने नाम नहीं कर सकीं।
एशिया कप 2027 वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा, क्योंकि इसके बाद होने वाले ICC वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से इसे अहम माना जा रहा है। ऐसे में सभी टीमें अपनी मजबूत संयोजन के साथ उतरेंगी और क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। अब सभी की नजर ACC की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है, जिसमें टूर्नामेंट के पूरे कार्यक्रम और वेन्यू की अंतिम पुष्टि की जाएगी।
बता दें कि एशिया कप पहले सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेला जाता था लेकिन 2016 टी20 वर्ल्डकप से पहले पहली बार टी20 फॉर्मेट में एशिया कप का आयोजन हुआ और तब से टी20 वर्ल्डकप से पहले एशिया कप टी20 फॉर्मेट में और वनडे वर्ल्डकप से पहले एशिया कप वनडे फॉर्मेट में खेला जाने लगा। अब 2027 वनडे वर्ल्डकप से पहले एशिया कप वनडे फॉर्मेट में होगा, जिसकी मेजबानी बांग्लादेश करेगा। अब तक वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया का दबदबा देखने को मिला है।
Updated on:
08 Jul 2026 10:33 am
Published on:
08 Jul 2026 10:19 am
