
AUS vs IND: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आगाज होने में अब सिर्फ दो हफ्ते बाकी हैं। पांच मैचों की इस टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम जी जान से मेहनत कर रही है। इसी वजह से ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे से अपने कप्तान पैट कमिंस समेत प्रमुख खिलाडि़यों को हटा लिया है और भारत के खिलाफ सीरीज की तैयारियों में लगा दिया है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को भी अहसास है कि विराट कोहली या रोहित शर्मा भले ही बड़े नाम हों, लेकिन बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) जीतने के लिए ऋषभ पंत से बड़ा कोई नहीं है। हालांकि पूर्व में चेतेश्वर पुजारा और शुभमन गिल ने बड़ा योगदान दिया था, लेकिन वह पंत ही थे, जिन्होंने तीन साल पहले गाबा के किले को भेद दिया था।
ऑस्ट्रेलियाई फैंस पिछले BGT में पंत के प्रदर्शन को नहीं भूले हैं। टेस्ट क्रिकेट में कमिंस ने ऋषभ पंत को कभी आउट नहीं किया है और उन्होंने मिशेल स्टार्क और नाथन लियोन के खिलाफ़ बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उनके खिलाफ खेलते हुए उनका औसत 60 और 45.8 है और चार ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों में से केवल जोश हेज़लवुड (औसत 32) ने उन्हें परेशान किया है। पिछली सीरीज़ में भी पंत को मेजबान टीम ने नहीं, बल्कि उन्होंने खुद आउट किया था।
कार हादसे के बाद वापसी के बाद से पंत ने पहले ही पांच मैचों में तीन अर्द्धशतक और एक शतक लगाया है। कमिंस इस आक्रामक बल्लेबाज से बहुत सावधान हैं और 22 नवंबर को पर्थ टेस्ट में उनके लिए कुछ अच्छी योजनाएं बना रहे हैं। कमिंस एचटी से कहा कि हां, वह ऐसा खिलाड़ी है जो हमेशा खेल को बहुत तेज़ी से आगे बढ़ाता है, इसलिए कुछ खिलाड़ियों के लिए आपके पास कुछ अच्छी योजनाएं भी होनी चाहिए।
कमिंस ने आगे कहा कि ऋषभ पंत ने अच्छा खेला है, उसने पिछली बार ऑस्ट्रेलिया में एक अच्छी सीरीज़ खेली थी। हां, हम यह भी जानते हैं कि जब वह चल पड़ता है तो वह खतरनाक हो सकता है। इसलिए हम कुछ अच्छी योजनाएं बनाने की कोशिश करेंगे और उम्मीद करेंगे कि वे सफल हों।
बता दें कि ऋषभ पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक कुल 7 टेस्ट मैच की 12 पारियों में 62.40 के औसत और 72.13 के स्ट्राइक रेट से 624 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक और एक शतक भी आया है।
Updated on:
7 Nov 2024, 2:10 PM IST
Published on:
7 Nov 2024, 9:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.