9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs BAN: बांग्लादेश ने भारत को दिया 266 रनों का लक्ष्य, शाकिब अल हसन शतक से चूके

IND vs BAN: बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 265 रन बनाए हैं। बांग्लादेश के लिए शाकिब ने 85 गेंदों में 80 रन और हृदोय ने 81 गेंद में 54 रन की पारी खेली। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने 10 ओवर में 65 रन देकर तीन विकेट झटके।

2 min read
Google source verification
IND vs BAN

IND vs BAN(Official Image)

India vs Bangladesh, Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 के सुपर 4 का आखिरी मुक़ाबला भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुक़ाबले में बांग्लादेश ने कप्तान शाकिब अल हसन, तौहीद हृदोय और नसुम अहमद की बेहतरी बल्लेबाजी की मदद से भारत को 266 रनों का लक्ष्य दिया है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 265 रन बनाए हैं। बांग्लादेश के लिए कप्तान शाकिब अल हसन और तौहीद हृदोय ने बेहतरीन अर्धशतक लगाए हैं। शाकिब ने 85 गेंदों में छह चौके और तीन सिक्स की मदद से 80 रन की पारी खेली। वहीं हृदोय ने 81 गेंद में पांच चौके और दो सिक्स की मदद से 54 रन बनाए। इन दोनों के अलावा लोअर ऑर्डर में नसुम अहमद ने शानदार बल्लेबाजी की लेकिन वे अर्धशतक से चूक गए। नसुम ने 45 गेंद में 44 रन बनाए।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मात्र 15 के स्कोर पर दो विकेट खो दिये। मोहम्मद शमी ने लिटन दास को डक पर क्लीन बोल्ड कर पवेलियन भेजा। उसके ठीक बाद शार्दुल ठाकुर ने तंजीद हसन को बोल्ड मारा और 13 रन पर पवेलियन भेज दिया।

बांग्लादेश को तीसरा झटका भी जल्द लगा। 28 के स्कोर पर शार्दुल ठाकुर ने अनामुल हक को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। अनामुल 11 गेंदों में चार रन बना सके। इसके बाद भारत ने खराब फील्डिंग की और 10वें ओवर में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने दो कैच छोड़ दिए। शार्दुल के इस ओवर की तीसरी गेंद पर मिड विकेट पर खड़े तिलक ने मेहदी हसन मिराज का आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने भी मेहदी का कैच छोड़ा। सेकंड स्लिप पर यह कैच छूटा।

59 के स्कोर पर बांग्लादेश को चौथा झटका लगा। अक्षर पटेल ने मेहदी हसन मिराज को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। मेहदी 28 गेंदों में 13 रन बना सके। इसी बीच शाकिब अल हसन ने वनडे करियर का 55वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने तौहिद हृदोय के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी निभाई।

बांग्लादेश को 34वें ओवर में पांचवां झटका लगा। ड्रिंक्स ब्रेक के बाद शार्दुल ठाकुर ने कप्तान शाकिब अल हसन को बोल्ड कर पवेलिय भेजा। शाकिब अपने शतक से चूक गए। इसके बाद तौहिद हृदोय ने पारी को संभाला और वनडे करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। 193 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का 7वां विकेट गिरा। मोहम्मद शमी ने हृदोय को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया।

238 रन के स्कोर पर श्रीलंका का आठवां विकेट गिर। प्रसिद्ध की यॉर्कर गेंद नसुम अहमद के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप पर जा लगी। इसके बाद महेदी हसन और तंजिम हसन ने मिलकर टीम को 260 के पार पहुंचाया। महेदी हसन ने 23 गेंद पर तीन चौके की मदद से नाबाद 29 रन बनाए। वहीं तंजिम ने 8 गेंद पर 14 रनों की नाबाद पारी खेली। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने 10 ओवर में 65 रन देकर तीन विकेट झटके। उनके अलावा मोहम्मद शमी ने दो, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक -एक विकेट झटके।