
इस खूबसूरत स्टेडियम पर आज खेला जाएगा पहला मुकाबला, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच होगी भिड़ंत
नई दिल्ली। पहाड़ों के बीच बसे भारतीय राज्य उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पर्यटकों के लिए खास जगह है। यूं तो यहां हर मौसम टूरिस्टों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन आज यहां भारतीय पर्यटकों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में मौजूद होंगे। मौका होगा देहरादून में बने राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टी-20 इंटरनेशनल मैच का। पहाड़ों के बीच बने इस खूबसूरत स्टेडियम में आज पहला मैच खेला जाना है। भारत के दो पड़ोसी देशों (बांग्लादेश और अफगानिस्तान) के बीच यह मैच खेला जाएगा। दोनों देशों के बीच होने वाले तीन टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों की सीरीज का यह पहला मैच होगा। मैच आज शाम आठ बजे से खेला जाएगा।
ट्रॉफी का किया गया अनावरण-
सीरीज शुरू होने से पहले कल (शनिवार) को दोनों टीमों के कप्तानों ने इस सीरीज की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में दोनों कप्तानों ने सीरीज के रोमांचक होने की बात कही। बता दें कि दोनों ही टीमों के लिए ये मैदान बिल्कुल ही नया है। लिहाजा पहले से कुछ भी आंकलन करना जल्दबाजी होगी। दोनों ही टीमों में कई विश्वस्तरीय क्रिकेटर है, जो अपनी प्रतिभा के दम पर किसी भी समय मैच का रूक मोड़ देने की क्षमता रखते है।
मैच से पहले दोनों कप्तानों ने किया ये दावा-
मीडिया से मुखातिब होते हुए बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने कहा कि हमारी टीम टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से तैयार है। गेंदबाजी, बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों ही क्षेत्रों में हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे। वहीं, अफगानिस्तान के कप्तान मो. असगर स्टैनिकजई ने कहा कि भारत हमारा दूसरा होमग्राउंड है। हम यहां अच्छा खेल दिखाएंगे। असगर ने कहा कि हमारे यहां राशिद खान, मोहम्मद नबी जैसे कई प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, जो विपक्षी टीम को कड़ी टक्कर देंगे। असगर ने यह भी बात कही कि क्रिकेट टीम गेम है, हम किसी एक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर निर्भर नहीं हैं।
काफी कम है टिकटों की कीमत-
इस सीरीज के लिए टिकट की दर काफी कम रखी गई है। आज के मैच के लिए 300 रुपये लगेगा। जबकि सीरीज की बाकी बची दो मैचों के लिए मात्र 200 रुपये में टिकट मिलेगा। गर्मी के दिनों में इस समय देहरादून में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद है। उम्मीद है कि मैच के दौरान भी दर्शक बड़ी संख्या में होंगे।
Published on:
3 Jun 2018, 12:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.