
IPL
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ( coronavirus ) की वजह से इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL 2020 ) के 13वें सीजन का आगाज होना बहुत ही मुश्किल लग रहा है। भारत में कोरोना की वजह से हाहाकार मचा हुआ है। अभी तक तो आईपीएल के आयोजन को 15 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया है, लेकिन मौजूदा हालातों को देखते हुए 15 अप्रैल तक स्थिति सामान्य होती नहीं दिख रही है। ऐसे में बीसीसीआई अब टूर्नामेंट को सितंबर तक ले जाने पर विचार कर रहा है, लेकिन ये इतना आसान नहीं रहना वाला है।
हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहा है बीसीसीआई
दरअसल, पहले आईपीएल का आगाज 29 मार्च से होना था, लेकिन कोरोना की वजह से बीसीसीआई ( BCCI ) ने इसे 15 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया है। फिलहाल बीसीसीआई ने आईपीएल फ्रेंचाइजियों के मालिकों के साथ मिलकर फैसला किया है कि वो इस महीने के आखिर तक 'देखो और इंतजार करो' की नीति पर चलेंगे। बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ये साफ कर चुके हैं कि हालात सामान्य होने पर ही आईपीएल का आगाज किया जाएगा।
सितंबर में आईपीएल के आयोजन के सामने हैं ये चुनौतियां
एक अंग्रेजी अखबार की खबर के मुताबिक, अगर 15 अप्रैल के बाद भी आईपीएल शुरू नहीं हो पाता है तो बीसीसीआई के पास जुलाई और सितंबर के बीच में इसका आयोजन कराने का समय होगा, लेकिन इसके लिए चुनौतियां काफी हैं। दरअसल, भले ही जुलाई से सितंबर के बीच बीसीसीआई के पास समय हो, लेकिन विदेशी खिलाड़ियों के लिए इस वक्त समय निकलना बहुत मुश्किल होगा, क्योंकि जुलाई से सितंबर के बीच अन्य देशों में द्विपक्षीय सीरीज खेली जा रही होंगी या फिर हंड्रेड लीग और एशिया कप के लिए खिलाड़ी व्यवस्त रहेंगे। इन तीन महीनों के बीच में ही पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी।
Updated on:
19 Mar 2020, 9:36 AM IST
Published on:
18 Mar 2020, 2:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.