
SA Cricket Team (Photo - ANI)
South Africa, Champions Trophy 2025: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में दक्षिण अफ्रीका का सफर समाप्त हो गया है। टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बिना कोई मैच हारे सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। लेकिन दूसरे सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में न्यूजीलैंड से 50 रन से हारने के बाद उनका 27 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया।
दक्षिण अफ्रीका ने 1998 में हैंसी क्रोनिए की कप्तानी में मिनी वर्ल्ड कप जीता था। यह चैम्पियंस ट्रॉफी का पहला संस्कारण था और तब यह मिनी वर्ल्ड कप के नाम से जानी जाती थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफ़ाइनल में मिली इस हार के साथ 'चोकर्स' एक बार फिर आईसीसी टूर्नामेंट के बड़े मैच में चोक हो गए।
आईसीसी वनडे टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में किसी भी टीम ने दक्षिण अफ्रीका से अधिक सेमीफाइनल नहीं हारे हैं। दक्षिण अफ्रीका ने 11 बार आईसीसी वनडे टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई है और उन्हें इनमें से 9 बार हार का सामना करना पड़ा है। वहीं एक नतीजा बराबरी पर खत्म हुआ था। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी बार 1998 में ढाका में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में श्रीलंका को हराया था।
दक्षिण अफ्रीका ने आज तक किसी भी वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में जीत दर्ज़ नहीं की है। वह 1992, 1999, 2007, 2009, 2014, 2015 और 2023 में सेमी फ़ाइनल में जगह बनाने में सफल रही है और 1999 को छोड़कर हर बार उसे हार का सामना करना पड़ा है। 1999 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुक़ाबला बराबरी पर खत्म हुआ था।
पिछले एक साल में दक्षिण अफ्रीका ने चार आईसीसी टूर्नामेंट के फ़ाइनल में जगह बनाई है। इनमें से तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वह टी20 वर्ल्ड कप 2024, महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 और अंडर 19 महिला टी20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में हार चुका है। वहीं वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) का फ़ाइनल इसी साल जुलाई में खेला जाएगा। जहां उनका सामना वर्ल्ड चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया से होगा।
Updated on:
5 Jul 2025, 2:21 PM IST
Published on:
6 Mar 2025, 12:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.