
लंदन।आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 ( ICC Cricket World Cup 2019 ) में मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 64 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में एंट्री मार ली है। वहीं इंग्लैंड की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। एक समय पर ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड मैच में वापसी कर सकता है, जब ऑलराउंडर बेन स्टोक्स बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन इस आखिरी उम्मीद को भी मिचेल स्टार्क ने खत्म कर दिया। मिचेल स्टार्क ने पूरे मैच में 4 विकेट लिए।
स्टार्क ने डाली 146 किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार वाली गेंद
मिचेल स्टार्क ने अपनी एक घातक यॉर्कर से बेन स्टोक्स की पारी का अंत किया। स्टोक्स उस वक्त अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे थे। बेन स्टोक्स ने जोस बटलर के साथ मिल अपनी टीम को मुश्किल से निकालने का काम किया, लेकिन वो उसे अंजाम तक नहीं पहुंचा पाए। मिचेल स्टार्क की जिस गेंद पर वो आउट हुए, उस यॉर्कर को विश्व कप 2019 की बेहतरीन यॉर्कर बताया जा रहा है। इंग्लैंड की पारी के 37वें ओवर में मिचेल स्टार्क गेंदबाजी करने आए। ओवर की आखिरी गेंद पर स्टार्क ने 146 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार वाली जबरदस्त यॉर्कर डाली। इस गेंद पर बेन स्टोक्स की गिल्लियां फड़फड़ा गईं।
फैंस ने की जसप्रीत बुमराह से तुलना
स्टार्क की इस घातक यॉर्कर को देखने के बाद हर कोई एकदम हैरान रह गया। बेन स्टोक्स को गेंद रोकने तक का समय नहीं मिला और गेंद सीधा स्टंप्स को हिट कर गई। मिचेल स्टार्क की इस डिलिवरी की सोशल मीडिया पर जबरदस्त तारीफ हो रही है। क्रिकेट फैंस स्टार्क का नाम बुमराह के साथ जोड़ने लगे हैं। आपको बता दें कि बेन स्टोक्स का विकेट गिरने के बाद ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित सी नजर आने लगी। स्टार्क ने स्टोक्स को 89 रन पर आउट किया।
इंग्लैंड को मिला था 286 रन का लक्ष्य
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने एरॉन फिंच के शतक की बदौलत इंग्लैंड को 286 रन का लक्ष्य दिया था, लेकिन जवाब में इंग्लैंड की टीम 221 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की तरफ से सबसे ज्यादा रन बेन स्टोक्स ने ही बनाए। इंग्लैंड की हार का कारण टॉप ऑर्डर रहा। सभी बल्लेबाज सस्ते में आउट होते चले गए।
Updated on:
26 Jun 2019 01:54 pm
Published on:
26 Jun 2019 01:50 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
