
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन (Photo - IANS)
Abhishek Sharma Batting: टी-20 वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत के बाद संजू सैमसन ने एक बेहद दिलचस्प खुलासा किया है। संजू ने बताया कि फाइनल मैच से पहले उनके दिमाग में क्या चल रहा था और अभिषेक शर्मा को लेकर उनकी क्या प्लानिंग थी। संजू ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि वर्ल्ड कप के आखिरी दौर में वह खुद अच्छी फॉर्म में आ चुके थे, लेकिन उनके मन में एक ही बात चल रही थी, 'अगर अभिषेक चल गया, तो सामने वाली टीम का खेल खत्म है!'
संजू ने अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि पूरी टीम और देश को पता था कि अगर अभिषेक पावरप्ले में टिक गए, तो मैच वहीं खत्म हो जाएगा। संजू ने माना कि जैसा उन्होंने सोचा था, वैसा ही हुआ और फाइनल में अभिषेक का बल्ला जमकर गरजा। दोनों की बैटिंग के अंतर पर बात करते हुए संजू ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'अभिषेक बहुत दिमाग वाला बंदा है, वो दिमाग से बैटिंग करता है। वहीं मैं अपनी बैटिंग में दिमाग लगाता ही नहीं।' संजू ने बताया कि अभिषेक अक्सर उनसे पूछते रहते हैं कि 'पाजी, कब और कौन सा शॉट खेलना है।'
इसी इंटरव्यू में अभिषेक शर्मा ने संजू की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने संजू पाजी को बहुत करीब से टूटते और फिर शानदार वापसी करते देखा है। संजू ने खुद एक भावुक पल याद करते हुए बताया, न्यूजीलैंड के खिलाफ त्रिवेंद्रम में जब उनके बल्ले से रन नहीं निकले थे, तब उन्हें लगा था कि यह उनका आखिरी मैच हो सकता है और उनका करियर खत्म है। लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा दिखाया और संजू ने उसे सही साबित किया।
वर्ल्ड कप के आखिरी मैचों में संजू सैमसन ने तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 5 मैचों में 321 रन ठोक दिए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में संजू ने 89 रनों की जबरदस्त पारी खेली। वहीं, अभिषेक शर्मा ने भी कोहराम मचाते हुए सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन कूट दिए। अभिषेक ने महज 18 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली थी।
संबंधित विषय:
Updated on:
22 Mar 2026 03:41 pm
Published on:
22 Mar 2026 03:41 pm
