7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ENG vs NZ: जो रूट के अर्धशतक के बावजूद बड़ा स्कोर नहीं बना पाया इंग्लैंड, न्यूजीलैंड ने 282 पर रोका

न्यूजीलैंड ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया और 282 के स्कोर पर रोक दिया। इंग्लैंड के लिए जो रूट ने अर्धशतक लगाते हुए 86 गेंद पर 77 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने तीन विकेट झटके।

2 min read
Google source verification
joe_root.jpg

England vs New Zealand World Cup 2023: वर्ल्ड कप 2023 का पहला मुक़ाबला गत चैम्पियन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में न्यूजीलैंड ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को मात्र 282 रन पर रोक दिया है। एक समय ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड 300 से ज्यादा का स्कोर बोर्ड पर लगाएगा। लेकिन मैट हेनरी, मिचेल सेंटनर और ग्लेन फिलिप्स की बेहतरीन गेंदबाजी ने उन्हें बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया।

इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड ने पूर्व कप्तान जो रूट के शानदार अर्धशतक की मदद से 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 282 रन बनाए। रूट ने 86 गेंद पर चार चौके और एक सिक्स की मदद से 77 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कप्तान जोस बटलर ने 42 गेंद पर 43 और जॉनी बेयरस्टो ने 35 गेंद पर 33 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट झटके हैं।

इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की। टीम को पहला झटका डेविड मलान के रूप में 7.4 ओवर पर लगा। उन्हें मैट हेनरी ने विकेटकीपर टॉम लाथम के हाथों कैच आउट कराया। मलान 24 गेंद पर 14 रन बनाए। इसके थोड़ी देर बाद उनके साथी सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो भी पवेलियन लौट गए। मिचेल सैंटनर ने उन्हें डेरिल मिचेल के हाथों कैच आउट कराया।

न्यूजीलैंड को तीसरी सफलता रचिन रवींद्र ने दिलाई। उनके पहले और पारी के 17वें ओवर में हैरी ब्रूक ने ताबड़तोड़ अंदाज में रन बनाए। ब्रूक ने तीसरी और चौथी गेंद पर चौका लगाया। पांचवीं गेंद पर उन्होंने सिक्स जड़ा। इसके बाद छठी गेंद को भी बाउंड्री के बाहर भेजने के प्रयास में बाउंड्री पर डेवोन कॉन्वे को कैच थमा बैठे। ब्रूक ने 16 गेंद पर 25 रन बनाए।

ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने 22वें ओवर की दूसरी गेंद पर मोइन अली को क्लीन बोल्ड कर दिया। मोइन ने 17 गेंद पर 11 रन बनाए। इस दौरान जो रूट ने 30वें ओवर में 50 रन का आंकड़ा पार किया। न्यूजीलैंड को मैच में पांचवीं सफलता मैट हेनरी ने दिलाई। उन्होंने 34वें ओवर की दूसरी गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को आउट कर दिया। बटलर 42 गेंद पर 43 रन बनाकर आउट हुए। बटलर का कैच विकेट के पीछे टॉम लाथम ने लिया।

ट्रेंट बोल्ट ने लियाम लिविंगस्टोन को आउट कर न्यूजीलैंड को छठी सफलता दिलाई। लिविंगस्टोन ने 22 गेंद पर 20 रन बनाए। मैट हेनरी ने लिविंगस्टोन का कैच लिया। इसके बाद इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाज जो रूट भी पवेलियन लौट गए। 42वें ओवर की पहली गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया।

इसके बाद इंग्लैंड के लगातार दो ओवर में दो विकेट गिरे। 45वें ओवर की अंतिम गेंद पर मिचेल सैंटनर ने क्रिस वोक्स को आउट कर दिया। वोक्स 12 गेंद पर 11 रन बनाकर विल यंग को कैच थमा बैठे। अगले ही ओवर में सैम करन भी पवेलियन लौट गए। करन 19 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैट हेनरी ने टॉम लाथम के हाथों कैच कराया।

इसके बाद आदिल रशीद और मार्क वुड 10वे विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी की और टीम को 280 के पार पहुंचाया। रशीद ने 13 गेंद पर नाबाद 15 और मार्क वुड ने 14 गेंद पर नाबाद 13 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सेंटनर और ग्लेन फिलिप्स एन दो -दो, रचिन रवींद्र और ट्रेंट बोल्ट ने एक- एक विकेट झटके।