
IND VS ENG : इंग्लैंड ने निर्णायक मैच के लिए भारत के खिलाफ जेम्स विन्स को टीम में किया शामिल
नई दिल्ली । भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में अब तक हुए मुकाबलों में 1-1 जीत के साथ दोनों ही टीम अभी सीरीज में बनी हुई है । भारत ने दोनों ही मैचों में सेम प्लेयिंग 11 उतारी है । इंग्लैंड मंगलवार को होने वाले तीसरे और निर्णायक एकदिवसीय मैच में डेविड मलान की जगह जेम्स विन्स को टीम में शामिल किया है ।
विन्स कर रहे हैं वापसी -
वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, मलान को इंग्लैंड लायंस टीम में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय टीम से रिलीज किया गया है। इंग्लैंड लायंस को इंडिया ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच खेलने हैं। मलान को इंग्लैंड लायंस के लिए मध्यक्रम में उतारा जा सकता है। वह इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में इंग्लैंड टीम का हिस्सा थे लेकिन तीन पारियों में वह केवल 46 रन ही बना सके थे। मलान को एलेक्स हेल्स के कवर के स्थान पर पहले वनडे के लिए टीम में शामिल किया गया था। विन्स ने आखिरी वनडे मैच 2016 में बांग्लादेश दौरे पर खेला था। उन्हें सैम बिलिंग्स पर प्राथमिकता दी गई है।
दिनेश हो सकते हैं टीम में शामिल -
तीन मैचों की वनडे सीरीज में दोनों टीमें एक-एक मैच जीत चुकी है और मंगलवार को जो जीतेगी, वह सीरीज अपने नाम कर लेगी। ऐसे में हो सकता है दूसरे मुकाबले में मिली करारी हार के बाद भारत किसी नए खिलाड़ी को टीम में शामिल कर सकता है । उम्मीद है सीरीज के आखिरी मैच में दिनेश कार्तिक को मौक़ा दिया जाएगा । पिछले कुछ समय में दिनेश का बल्ला खुल कर बोल रहा है । ऐसे में उन्हें इस निर्णायक मैच में अगर टीम में जगह दी जाती है तो वो टीम की जीत में अहम रोल अदा कर सकते हैं । दिनेश को आखिरी बार वनडे टीम में श्रीलंका के खिलाफ दिसंबर 2017 में जगह मिली थी ।
Published on:
15 Jul 2018, 7:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.