
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की वजह से हारते हुए मैच को उन्होंने ड्रॉ करवा दिया। इसमें स्नेह राणा और तानिया भाटिया की बेहतरीन बल्लेबाजी का बड़ा योगदान रहा। इसके बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी तारीफें कर कर रहे हैं। कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी महिला टीम को बधाई दी। वेंकटेश प्रसाद, वसीम जाफर और वीवीएस लक्ष्मण सहित अन्य पूर्व क्रिकेटरों ने भारतीय महिला टीम को इंग्लैंड के खिलाफ यहां हुए एकमात्र टेस्ट मैच को ड्रॉ कराने पर बधाई दी है।
लंबे समय तक याद रखा जाएगा मैच
भारत की ओर से इस मैच में डेब्यू कर रहीं स्नेह राणा (नाबाद 80) ने तानिया भाटिया (नाबाद 44) के साथ मिलकर नौंवें विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की और टीम को हार के मुंह से निकालकर मुकाबला ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई। पूर्व बल्लेबाज लक्ष्मण ने लिखा, 'टेस्ट मैच को बचाने के लिए भारतीय महिला खिलाड़ियों का शानदार प्रयास। स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा और शैफाली वर्मा का प्रदर्शन काफी पसंद आया और इनका भविष्य काफी उज्वल है। यह मैच लंबे समय तक याद रखा जाएगा।'
स्नेह और तानिया की पार्टनरशिप की तारीफ
जाफर ने कहा, 'यह अद्धभूत प्रदर्शन था। यह ड्रॉ जीत के बराबर है। स्नेह और तानिया के बीच हुई साझेदारी दिखाती है कि टीम क्या कर सकती है। शानदार प्रदर्शन। भारतीय महिला टीम के पूर्व कोच डब्ल्यूवी रमन ने कहा, शैफाली 17 साल की उम्र में डेब्यू मैच में मैन ऑफ द मैच रहीं। शैफाली को बधाई। हम उन्हें महिला क्रिकेट में वो करते हुए देख सकते हैं जो विवियन रिचडर्स ने 70 से 90 के दशक में किया था। महिला टीम की पूर्व खिलाड़ी अंजुम चोपड़ा ने कहा, स्नेह और राणा की बल्लेबाजी देखना बेहद सुखद था।
Published on:
20 Jun 2021, 5:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.