10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गौतम गंभीर के इस पोस्ट से मचा बवाल, मिली सोशल मीडिया से दूर रहने की सलाह, कहा – टी20 वर्ल्ड कप पर फोकस करें

अजिंक्य रहाणे ने गौतम गंभीर को सोशल मीडिया से दूर रहकर टीम इंडिया और टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों पर ध्यान देने की सलाह दी है। उनका कहना है कि कोच की असली जिम्मेदारी मैदान पर दिखनी चाहिए।

3 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Jan 26, 2026

gautam gambhir reacts to shashi tharoor unlimited authority statement

गौतम गंभीर और शशि थरूर (फोटो- X@/ShashiTharoor)

Gautam Gambhir told to stay away from social media: भारतीय क्रिकेट में इन दिनों मैदान के बाहर की चर्चाएं भी उतनी ही तेज हैं जितनी मैदान पर होने वाली प्रतिस्पर्धा। सोशल मीडिया के दौर में खिलाड़ियों और कोचों की हर प्रतिक्रिया तुरंत सुर्खियां बन जाती है। इसी माहौल में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर चल रही चर्चाओं पर सीनियर बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने खुलकर अपनी राय रखी। रहाणे ने गंभीर को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया से दूरी बनाकर आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर पूरा ध्यान केंद्रित रखें।

गंभीर ने शशि थरूर के एक ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी थी

पिछले हफ्ते गौतम गंभीर उस वक्त सुर्खियों में आ गए थे, जब उन्होंने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के एक ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी थी। इसे विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों के साथ उनके कथित मतभेदों पर गंभीर की चुप्पी टूटने के तौर पर देखा गया। दरअसल, नागपुर में भारत और न्यूज़ीलैंड के पहले टी20 मुकाबले से पहले शशि थरूर और गौतम गंभीर की मुलाकात हुई थी। इसके बाद थरूर ने ट्वीट करते हुए गंभीर के कोचिंग रोल को देश के प्रधानमंत्री के बाद "दूसरी सबसे कठिन नौकरी" बताया था। इसी ट्वीट पर गंभीर की प्रतिक्रिया ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी थी और 'अनलिमिटेड अथॉरिटी' जैसे शब्दों को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया।

गंभीर का 'अनलिमिटेड अथॉरिटी' वाला पोस्ट

शशि थरूर की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि समय के साथ लोगों को यह समझ आ जाएगा कि किसी कोच के पास 'अनलिमिटेड अथॉरिटी' जैसी कोई चीज़ नहीं होती। गंभीर यहीं नहीं रुके। उन्होंने उन रिपोर्ट्स पर भी तंज कसा, जिनमें दावा किया जा रहा है कि उनके और टीम के कुछ सदस्यों के बीच तालमेल ठीक नहीं है। गंभीर ने कहा कि ऐसी खबरें उन्हें हैरान नहीं, बल्कि मनोरंजक लगती हैं।

अजिंक्य रहाणे ने गंभीर को सलाह दी

गंभीर के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और अब इस बहस में अजिंक्य रहाणे भी कूद पड़े हैं। हालांकि, रहाणे ने गंभीर को सलाह दी कि वह सोशल मीडिया की चर्चाओं से दूरी बनाए रखें और अपना पूरा ध्यान आगामी टी20 विश्व कप जैसे बड़े लक्ष्य पर केंद्रित करें।

रहाणे का मानना है कि भारतीय टीम के मुख्य कोच का पद अपने साथ कई बड़ी जिम्मेदारियां लेकर आता है, ऐसे में व्यक्तिगत टिप्पणियों या ऑनलाइन प्रतिक्रियाओं पर ध्यान देने के बजाय टीम की तैयारी, संयोजन और प्रदर्शन पर फोकस करना ही सबसे अहम काम होना चाहिए।

सोशल मीडिया से दूर रहें गौतम गंभीर

क्रिकबज़ पर बातचीत के दौरान रहाणे ने कहा, "मेरी इस पर बस यही प्रतिक्रिया है कि गंभीर को सोशल मीडिया से दूर रहना चाहिए। लोग उनके बारे में क्या कह रहे हैं या क्या सलाह दे रहे हैं, इस पर ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। वे एक शानदार क्रिकेटर रहे हैं और अब वह भारतीय टीम के कोच हैं, जो बेहद जिम्मेदारी भरा पद है। मेरा निजी मानना है कि उन्हें सोशल मीडिया से दूर रहकर टीम पर फोकस करना चाहिए, कम से कम वर्ल्ड कप खत्म होने तक।”

गंभीर की कोचिंग में टेस्ट और वनडे टीम पर उठे सवाल

भारतीय टीम की कमान संभालने के बाद से ही गौतम गंभीर लगातार आलोचनाओं के घेरे में रहे हैं। उनके कार्यकाल में भारत को घरेलू मैदान पर न्यूज़ीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज़ में क्लीन स्वीप झेलना पड़ा, वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ भी टीम हार गई।

इसके अलावा 2024 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज़ में हार और हाल ही में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ गंवाना भी गंभीर के खाते में जुड़ गया। खास बात यह रही कि न्यूज़ीलैंड की टीम अपेक्षाकृत कमजोर थी, जबकि भारत लगभग फुल स्ट्रेंथ में उतरा था।