14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IPL 2026: LSG के खिलाफ अर्धशतक लगाकर शुभमन गिल ने रचा इतिहास, तोड़ा विराट कोहली का ये बड़ा रिकॉर्ड

शुभमन गिल ने 40 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली और गुजरात टाइटंस की जीत में अहम भूमिका निभाई। गिल ने आईपीएल में 4 हजार रन 26 साल 216 दिन की उम्र में पूरे किए। उन्होंने विराट कोहली को इस मामले में पीछे छोड़ा।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Apr 12, 2026

Shubhman Gill

गुजरात टाइटंस के कप्‍तान शुभमन गिल। (फोटो सोर्स: IANS)

Shubman Gill, Lucknow Super Giants vs Gujarat Titans, IPL 2026: गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 4 हजार रन पूरे करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने रविवार को आईपीएल 2026 के 19वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की। गुजरात टाइटंस ने एलएसजी को एकतरफा मुकाबले में 7 विकेट से हराया।

शुभमन गिल ने 40 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली और गुजरात टाइटंस की जीत में अहम भूमिका निभाई। गिल ने भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में 25वां रन बनाने के साथ ही इस खास मुकाम को हासिल किया। गिल ने आईपीएल में 4 हजार रन 26 साल 216 दिन की उम्र में पूरे किए। उन्होंने विराट कोहली को इस मामले में पीछे छोड़ा। कोहली ने इस लीग मे यह उपलब्धि 27 साल 195 दिन की उम्र में हासिल की थी।

गिल ने यह उपलब्धि 118वीं पारी में हासिल की है। इसके साथ ही वह इस लीग में सबसे तेज 4 हजार रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। गिल से आगे सिर्फ केएल राहुल हैं, जिन्होंने 105 पारियों में यह कारनामा किया था। राहुल के अलावा सिर्फ क्रिस गेल (112 पारियां), डेविड वॉर्नर (114) और जोस बटलर (116) ही गिल से पहले इस मुकाम तक पहुंचे हैं।

गिल की निरंतरता उनके आईपीएल करियर की पहचान रही है। गुजरात टाइटंस के कप्तान ने इस लीग में अब तक कुल 121 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 139 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4031 रन बनाए हैं। उन्होंने 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ इस लीग में अपने सफर की शुरुआत की थी। गिल ने इस फ्रेंचाइजी के लिए चार सीजन खेले और 58 मैचों में 1,417 रन बनाए।

आईपीएल 2022 सीजन से पहले गुजरात टाइटंस में शामिल होना उनके करियर का एक अहम मोड़ साबित हुआ, जहां गिल ने अपने खेल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। 2022 से खेले 63 मैचों में गिल ने 2,580 से अधिक रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 46 और स्ट्राइक रेट लगभग 150 रहा है। खास बात यह है कि 2022 सीजन की शुरुआत के बाद से आईपीएल में किसी भी बल्लेबाज ने उनसे ज्यादा रन नहीं बनाए हैं।

गुजरात टाइटंस की कप्तानी कर रहे गिल ने इस टूर्नामेंट में 27 अर्धशतक और चार शतक लगाए हैं। इनमें से अधिकांश अर्धशतक (17) और उनके सभी शतक 2022 की चैंपियन टीम गुजरात टाइटंस के लिए ही आए हैं। इस सीजन की शुरुआत में ही, इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने एक और अहम उपलब्धि हासिल की थी। वह गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल में 2,500 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान उन्होंने यह मुकाम हासिल किया था।