
Hardik Pandya Jasprit Bumrah
मुंबई : मौजूदा समय में हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) टीम इंडिया (Team India) के सर्वश्रेष्ठ हरफनमौला हैं। वह अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, उपयोगी गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण से टीम को संतुलन देते हैं। विराट कोहली (Virat Kohli) की कप्तानी में उन्होंने टीम इंडिया की तरफ से कई मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है, इसके बावजूद उनका कहना है कि उनका सर्वश्रेष्ठ कोहली की कप्तानी में नहीं, बल्कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की कप्तानी में बिताया है।
हार्दिक बोले, रोहित के साथ खेलने का लुत्फ उठाया है
हार्दिक पांड्या की टीम इंडिया में एंट्री इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के जरिये ही हुई थी। वह 2015 से रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की ओर से खेल रहे हैं और अपनी टीम को तीन बार खिताब जिताने में योगदान दे चुके हैं। मुंबई इंडियंस की तरफ से किए गए उनके प्रदर्शन का ही नतीजा है कि उन्होंने टीम इंडिया में जगह बनाई। अब हार्दिक पांड्या के हवाले से मुंबई इंडियन ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि उन्होंने रोहित के साथ खेलना का हमेशा लुत्फ उठाया है। रोहित उनके लिए शानदार कप्तान रहे हैं। इसके आगे उन्होंने लिखा है कि हालांकि हम दोनों मैच के बारे में ज्यादा बात नहीं करते हैं, लेकिन उन्होंने रोहित की कप्तानी में अपने सर्वश्रेष्ठ साल बिताए हैं।
अलग तरह के इंसान हैं बुमराह
इस मौके पर हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस और टीम इंडिया में अपने साथी क्रिकेटर जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह स्टार तेज गेंदबाज अलग तरह का इंसान हैं। उन्होंने कहा कि बुमराह शांत रहने वालों में से हैं और वह काफी जानकारी रखने वाले इंसान हैं। हार्दिक ने कहा कि बुमराह ऐसे शख्स हैं, जिनका साथ उन्हें पसंद है। बता दें कि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या दोनों करीब-करीब एक साथ ही मुंबई इंडियंस में आए और टीम इंडिया तक का सफर भी साथ-साथ ही किया। इस पर हार्दिक ने कहा कि उन दोनों ने एक साथ ही कामयाबी का लुत्फ उठाया है और साथ ही अपनी कामयाबी साझा भी की है।
भाई क्रुणाल और पोलार्ड को भी किया याद
हार्दिक पांड्या ने इस मौके पर रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने वाले विंडीज के दिग्गज क्रिकेटर कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वह उनके सीनियर और रॉल मॉडल हैं। पोलार्ड उनमें से एक हैं, जिनका खेल उनकी तरह का है। इसके अलावा उन्होंने अपने भाई और मुंबई इंडियन में अपने साथी क्रिकेटर क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) के बारे में कहा कि वह और उनके भाई हमेशा अपनी यात्रा के बारे में सोचते हैं। हमलोग आज जहां हैं, वह उन दोनों की कल्पना से भी बाहर है। उन्होंने कहा कि वह उनके शुक्रगुजार हैं, जिन्होंने उनकी मदद की और उनके भी जिन्होंने नहीं की।
Updated on:
07 Jun 2020 02:49 pm
Published on:
07 Jun 2020 02:46 pm
