
IPL 2025 का आगाज 22 मार्च को गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले से होगा, जोकि कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला जाएगा। नवंबर 2024 में मेगा ऑक्शन के बाद आईपीएल की 10 टीमें बड़े बदलावों के साथ 18वें सीजन की शुरुआत को तैयार हैं। हालाकि इसके बावजूद कई स्टार खिलाड़ी हैं, जो आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में टीमों की ओर से साइन किए जाने के बावजूद खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। आइए इन खिलाड़ियों पर डालते हैं एक नजर
दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2025 मेगा ऑक्शन में हैरी ब्रूक को 6.25 करोड़ रुपए में साइन किया था, लेकिन उन्होंने राष्ट्रीय टीम की प्रतिबद्धताओं के चलते इस टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। हालाकि उनके इस फैसले की वजह से उन्हें आईपीएल से दो साल के लिए बैन झेलना पड़ेगा। आईपीएल के नए नियमों के मुताबिक, कोई खिलाड़ी जो ऑक्शन खुद को रजिस्टर कराता है और चुने के बाद किसी कारण से प्रतियोगिता से हटने का निर्णय करता है तो उसे दो सीजन के लिए प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
25 वर्षीय तेज गेंदबाज उमरान मलिक को कोलकाता नाइटराइडर्स ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में 75 लाख में खरीदा था। जम्मू-कश्मीर का यह गेंदबाज बैक इंजरी से रिकवर हो रहा है और क्रिकेट मैदान पर लौटने के लिए उसे नेशनल क्रिकेट एकेडमी के क्लीयरेंस का इंतजार है।
मुंबई इंडियंस ने अफगानिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अल्लाह गजनफर और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लिजार्ड विलियम्स को आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में क्रम 4.80 करोड़ रुपए और 75 लाख रुपए में खरीदा था। हालाकि चोट के कारण दोनों आईपीएल 2025 में नहीं खेल सकेंगे। ऐसे में उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर मुंबई इंडियंस टीम में मुजीब-उर रहमान और कॉर्बिन बॉश को टीम में शामिल किया गया है।
वहीं, आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने जसप्रीत बुमराह को 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी मुकाबले में चोटिल हो गए थे, जिसके चलते वह आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे थे। आईपीएल 2025 के लिए उनकी उपलब्धता की पुष्टि अब तक नहीं हुई है, हालाकि माना जा रहा है कि वह शुरुआती कुछ मुकाबलों में वह नहीं खेलेंगे।
लखनऊ सुपरजाइंट्स टीम ने IPL 2025 मेगा ऑक्शन में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श को 3.40 करोड़ और तेज गेंदबाज मयंक यादव को 11 करोड़ में साइन किया था। मिचेल मार्श पीठ की चोट के कारण आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर कर दिए गए थे और अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह आईपीएल 2025 में खेल पाएंगे या नहीं। वही, युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव को बीसीसीआई के मेडिकल सेंटर से अभी तक फिटनेस क्लीयरेंस नहीं मिला है। ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि मयंक आईपीएल के पहले कुछ मैचों में टीम का हिस्सा नहीं हो पाएंगे।
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन को पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में 2 करोड़ रुपए में साइन किया था। लेकिन फ्रेंचाइजी टीम को इस स्टार गेंदबाज की सेवाएं मिलने की संभावना कम ही है। दरअसल, फर्ग्यूसन को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पूर्व हैमस्ट्रिंग के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। अब तक पंजाब किंग्स में उनकी उपलब्धता की पुष्टि नहीं हुई है।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 12.50 करोड़ रुपए में साइन किया था। वह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके चलते उन्हें सीरीज से बाहर होना पड़ा था। वह आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए उपलब्ध नहीं थे। लेकिन आईपीएल 2025 में के लिए वह फिट है या नहीं, फिलहाल ये साफ नहीं है।
Updated on:
12 Mar 2025, 5:51 PM IST
Published on:
12 Mar 2025, 5:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.