
2026 के टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी के साथ भारतीय टीम (फोटो सोर्स: IANS)
ICC change in Men's T20 World Cup format: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) वर्ल्ड कप को ज्यादा दिलचस्प बना रही है। पुरुषों के वनडे वर्ल्ड कप में किए गए बड़े बदलावों के अलावा बोर्ड ने पुरुषों के टी20 वर्ल्ड कप फॉर्मेट में भी बड़े बदलाव को अपनी मंजूरी दे दी है। आईसीसी ने 2028 एडिशन से एक नया सुपर 10 स्टेज और एलिमिनेटर मैच शुरू करने की घोषणा की है। इसके साथ ही 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। आईसीसी को उम्मीद है कि इससे टूर्नामेंट ज्यादा दिलचस्प और रोमांचक होंगे।
भारत सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में 2026 का टी20 वर्ल्ड कप जीतकर खिताब बचाने वाला पहला देश रहा। सूर्या एंड कंपनी ने सुपर 8 ग्रुप से क्वालीफाई करने से पहले ग्रुप स्टेज जीता। फिर सेमी फाइनल और फाइनल में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया।
आईसीसी ने इस टूर्नामेंट में 20 टीमें ही रखने का फैसला किया है। लेकिन, बड़े बदलावों के चलते सेमी फाइनल का रास्ता अब और भी ज्यादा दिलचस्प और मुश्किल होने वाला है। सबसे बड़े बदलावों में से एक सुपर-8 स्टेज को हटाना है। इसकी जगह आईसीसी ने एक बड़ा सुपर-10 राउंड शुरू किया है। इसके साथ ही ही एलिमिनेटर मैच भी होंगे, जो असल में क्वार्टर फाइनल की तरह काम करेंगे।
ग्रुप स्टेज: ग्रुप स्टेज में बीस टीमों को चार-चार टीमों के पांच ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप से टॉप दो टीमें अगले स्टेज के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसका मतलब है कि अब 8 की जगह 10 टीमें सुपर-10 स्टेज के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर-10 में इन टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम इस स्टेज में चार मैच खेलेगी।
पिछले फॉर्मेट के उलट हर सेमीफाइनलिस्ट का फैसला सीधे ग्रुप स्टैंडिंग से नहीं होगा। सुपर-10 में दोनों ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें सीधे सेमी फाइनल में जगह बनाएंगी। वहीं, सुपर-10 स्टेज में अपने-अपने ग्रुप से दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर खेलेंगी। इसका मतलब है कि अगर कोई बड़ी टीम सुपर-10 स्टेज में बदकिस्मत रहती है तो उसके पास एलिमिनेटर राउंड से सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका होगा।
| चरण | पुराना फॉर्मेट | नया फॉर्मेट |
|---|---|---|
| ग्रुप स्टेज | 5-5 टीमों के 4 ग्रुप | 4-4 टीमों के 5 ग्रुप |
| दूसरे चरण में पहुंचने वाली टीमें | 8 | 10 |
| दूसरा चरण | सुपर-8 | सुपर-10 |
| दूसरे चरण के मैच | 12 | 20 |
| सीधे सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमें | हर ग्रुप की शीर्ष 2 टीमें | सुपर-10 के दोनों ग्रुप से दो शीर्ष टीम |
| अतिरिक्त नॉकआउट चरण | नहीं | हां (एलिमिनेटर) |
| एलिमिनेटर की टीमें | नहीं | सुपर-10 के दोनों ग्रुप की दूसरे और तीसरे नंबर की टीमें |
| कुल टीमें | 20 | 20 |
आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 की मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। इस मेगा इवेंट में 14 टीमें शामिल होंगी। फाइनल तक पहुंचने के लिए ये एक नया तीन स्टेज फॉर्मेट होगा।
राउंड-1: वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई करने वाली 14 टीमों में से सबसे नीचे की तीन टीमें एक राउंड-रॉबिन सुपर सीरीज खेलेंगी, जिसका विनर अगले राउंड में जाएगा।
राउंड-2 (30 मैच): बाकी 12 टीमों को फिर छह-छह के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेलेगी। हर ग्रुप से टॉप तीन टीमें, दोनों ग्रुप में अगली सबसे अच्छी जगह वाली टीम के साथ, सुपर 7 स्टेज में आगे बढ़ेंगी।
राउंड-3 सुपर-7 (21 मैच): इस राउंड में सात टीमों के लिए राउंड-रॉबिन फॉर्मेट है, जिसमें टॉप चार टीमें सेमी-फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। पहले स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला चौथे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें दूसरे सेमीफाइनल में भिड़ेंगी।
Updated on:
15 Jul 2026 05:59 pm
Published on:
15 Jul 2026 05:07 pm
