
भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल। (फोटो सोर्स: IANS)
ICC ODI Batsman Ranking: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को वनडे बल्लेबाजों की ताज़ा रैंकिंग जारी कर दी है। टॉप 5 में तीन भारतीय बल्लेबाज बने हुए हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल नंबर वन बल्लेबाज बनने के काफी करीब आ गए हैं। वहीं इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट को भी काफी फायदा हुआ है।
आईसीसी की ताजा रैकिंग में न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज डेरिल मिशेल 802 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। शुभमन गिल दूसरे नंबर पर हैं। गिल और मिशेल की रेटिंग में सिर्फ एक अंक का अंतर है। विराट कोहली 767 रेटिंग अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि लॉर्ड्स में हाल ही में 138 रन की पारी खेलने वाले रोहित शर्मा 758 रेटिंग अंक के साथ चौथे स्थान पर हैं। अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान 712 रेटिंग अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
पाकिस्तान के बाबर आजम और आयरलैंड के हैरी टैक्टर को 1-1 स्थान का फायदा हुआ है। दोनों छठे और सातवें स्थान पर हैं। बाबर के 689 अंक और टैक्टर के 679 अंक हैं। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे इंग्लैंड के जो रूट को 4 स्थान का फायदा हुआ है। रूट शीर्ष 10 खिलाड़ियों में वापस आ गए हैं और आठवें नंबर पर हैं। उनके 674 रेटिंग अंक हैं। वेस्टइंडीज के शे होप को तीन स्थान का घाटा हुआ है, वे 672 रेटिंग अंक के साथ नौवें नंबर पर हैं। श्रीलंका के चरिथ असलांका एक अंक के नुकसान के बावजूद 659 रेटिंग अंक के साथ दसवें स्थान पर हैं।
वनडे फॉर्मेट के शीर्ष दस गेंदबाजों की बात करें तो अफगानिस्तान के राशिद खान 682 रेटिंग अंक के साथ पहले और पाकिस्तान के अबरार अहमद 675 रेटिंग अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर को एक स्थान का फायदा हुआ है, वह 649 रेटिंग अंक के साथ तीसरे स्थान पर आ गए हैं। न्यूजीलैंड के मिशेल सेंटनर को तीन स्थान का फायदा हुआ है। सेंटनर 645 रेटिंग अंक के साथ चौथे स्थान पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज और श्रीलंका के महिश तिक्षाणा पांचवें और छठे स्थान पर हैं। महाराज के 645 रेटिंग अंक और तिक्षाणा के 641 अंक हैं। दोनों को एक-एक स्थान का नुकसान हुआ है। पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी दो स्थान के फायदे के साथ सातवें स्थान पर हैं। उनके 604 रेटिंग अंक हैं। वहीं बांग्लादेश के मेहदी हसन दो स्थान के फायदे के साथ आठवें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के आदिल रशीद तीन स्थान के नुकसान के साथ नौवें और वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोती 7 स्थान की छलांग लगाकर दसवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
Updated on:
22 Jul 2026 05:05 pm
Published on:
22 Jul 2026 05:01 pm
