
ICC ने क्रिकेट कनाडा की फंडिंग छह महीने के लिए सस्पेंड कर दी है। (photo - ICC)
ICC suspends Cricket Canada funding: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा एक्शन लेते हुए क्रिकेट कनाडा की फंडिंग छह महीने के लिए सस्पेंड कर दी है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला बोर्ड के भीतर गवर्नेंस, प्रशासनिक गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद लिया गया है। आईसीसी का यह कदम क्रिकेट कनाडा के लिए गंभीर आर्थिक संकट पैदा कर सकता है।
क्रिकेट कनाडा की वार्षिक आम बैठक 9 और 10 मई को आयोजित हुई थी। इसी बैठक के तुरंत बाद आईसीसी ने फंडिंग रोकने का फैसला सुनाया। इस बैठक में बोर्ड ने अपने कामकाज में सुधार लाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की और ‘गवर्नेंस ट्रांसफॉर्मेशन इनिशिएटिव’ के तहत 9 सदस्यीय नए निदेशक मंडल का चुनाव किया। नए बोर्ड में अरविंदर खोसा को अध्यक्ष (प्रेसिडेंट) चुना गया। खोसा को अप्रैल में अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया था।
वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में क्रिकेट कनाडा की कुल आय का लगभग 63 प्रतिशत हिस्सा आईसीसी की फंडिंग से आया था। बोर्ड की कुल आय करीब 5.7 मिलियन कनाडाई डॉलर थी, जिसमें से 3.6 मिलियन डॉलर आईसीसी ने प्रदान किए थे। ऐसे में फंडिंग पर रोक लगना कनाडाई क्रिकेट के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
हाल के वर्षों में क्रिकेट कनाडा लगातार विवादों में रहा है। कनाडा के प्रसिद्ध खोजी कार्यक्रम ‘फिफ्थ एस्टेट’ की रिपोर्ट में बोर्ड पर गवर्नेंस नियमों का उल्लंघन, वित्तीय अनियमितताएं और प्रशासनिक गड़बड़ियों के गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा, आईसीसी की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) में खेले गए टी20 विश्व कप में कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच हुए मैच की भी जांच कर रही है।
इन मुश्किलों के बीच कनाडा के पूर्व कोच खुर्रम चौहन का कथित लीक ऑडियो सामने आया, जिसमें बोर्ड के कुछ पूर्व अधिकारियों पर टीम चयन में दखलंदाजी और कुछ खिलाड़ियों को जबरन खिलाने का दबाव डालने का आरोप लगाया गया। रिपोर्ट्स में मैच फिक्सिंग से जुड़े आरोपों का भी जिक्र है। आईसीसी के इस फैसले से ठीक पहले क्रिकेट कनाडा ने अपनी वार्षिक आम बैठक में बड़े सुधारों की घोषणा की थी।
Updated on:
16 May 2026 05:56 pm
Published on:
16 May 2026 05:56 pm
