
ICC Ranking: सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम को लगा बड़ा झटका, इंग्लैंड को हुआ एक स्थान का फायदा
नई दिल्ली। लोकेश राहुल (149) और ऋषभ पंत (114) के बीच छठे विकेट के लिए हुई 204 रन की रिकॉर्ड साझेदारी के बावजूद भारत को यहां ओवल मैदान पर इंग्लैंड के हाथों पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के पांचवें दिन मंगलवार को 118 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ इंग्लैंड ने श्रृंखला 4-1 के अंतर से जीत ली है। सीरीज में हार के साथ भारत को ICC टेस्ट रैंकिंग में बड़ा नुक्सान हुआ है। इंग्लैंड को बड़े अंतर से सीरीज जीतने का फायदा मिला है और वह अब चौथे स्थान पर आ गई है। इसके साथ आखिरी टेस्ट मैच का खिलाड़ियों की रैंकिंग पर भी बड़ा असर देखने को मिला है।
इंग्लैंड को हुआ एक स्थान का फायदा-
इंग्लैंड को भारत के खिलाफ सीरीज जीतने का बड़ा फायदा मिला है। उसने 8 अंक अर्जित किए हैं और अब वह न्यूजीलैंड को पछाड़ते हुए पांचवें से चौथे स्थान पर आ गई है। इंग्लैंड के पहले 97 अंक थे, आठ अंक मिलने के बाद उसके 105 अंक हो गए हैं और वह न्यूजीलैंड के 102 अंकों से आगे चली गई है। इंग्लैंड अब 6 नवंबर से छठे रैंक वाली श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगी। पहला मैच श्रीलंका के गॉल मैदान पर खेला जाएगा।
टीम इंडिया को हुआ नुक्सान-
भारत ने सीरीज के साथ-साथ महत्वपूर्ण 10 अंक भी गंवाए और अब उसकी पकड़ नंबर 1 पर ढीली हो गई है। भारतीय टीम 125 अंकों से खिसकर 115 अंकों पर आ गई है। 106 अंकों के साथ दक्षिण अफ्रीका दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड और इन दो टीमों के बीच अब केवल एक अंक का फासला है। भारतीय टीम अगली टेस्ट सीरीज में वेस्ट इंडीज की मेजबानी करेगी। इस सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 4 अक्टूबर से खेला जाएगा।
खिलाड़ियों की रैंकिंग पर असर-
बल्लेबाजों में एलिस्टर कुक ने अपने करियर का अंत 10वें पायदान पर किया। जो रुट को एक स्थान का फायदा मिला और वह चौथे पायदान पर आ गए। विराट कोहली नंबर-1 पर बने हुए हैं। आखिरी मैच में शतक लगाने वाले केएल राहुल 16 पायदानों की छलांग के साथ 19वें पायदान पर आ गए हैं और ऋषभ पंत 63 पायदानों की छलांग के साथ 111 पर आ गए हैं। मैच में 5 विकेट झटकने वाले जेम्स एंडरसन गेंदबाजों में पहले स्थान पर बने हुए हैं।
Published on:
12 Sep 2018, 3:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.