
भारत की ट्रेंट ब्रिज में शर्मनाक हार (फोटो- IANS)
Biggest defeat margins for India in T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला ट्रेंट ब्रिज में खेला गया, जहां भारतीय टीम को शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। यह टीम इंडिया की टी20 में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार है। हालांकि, वह अपने टी20 इतिहास का सबसे छोटा स्कोर बनाने से बच गई।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 201 रन बनाए। 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया पूरे 11 ओवर भी नहीं खेल सकी और 76 रन पर ढेर हो गई। टीम के लिए सबसे ज्यादा 13-13 रन वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने बनाए। इसके अलावा सात बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके।
इस हार के बाद इंग्लैंड के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हो गए। रनों के लिहाज से यह टीम इंडिया की इंग्लैंड के खिलाफ सबसे बड़ी हार है। इसके अलावा यह टी20 क्रिकेट में भारतीय टीम का दूसरा सबसे छोटा स्कोर भी है। इससे पहले 2008 में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले में भारतीय टीम 74 रन पर ढेर हो गई थी।
इसके अलावा टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि भारतीय टीम लगातार पांच मैचों तक कोई मुकाबला नहीं जीत पाई।
ट्रेंट ब्रिज में खेले गए इस मैच को गंवाने के साथ भारत पांच मुकाबलों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ गया है। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम ने 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए। फिलिप साल्ट ने जोस बटलर के साथ पहले विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। बटलर 36 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद साल्ट ने मोर्चा संभाला। साल्ट ने कप्तान हैरी ब्रूक (16) के साथ 28 रन, जबकि जैकब बेथेल (13) के साथ 40 रन की साझेदारी की। इसके अलावा, सैम करन के साथ पांचवें विकेट के लिए 47 रन जुटाए।
साल्ट 44 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 70 रन बनाकर आउट हुए, जबकि करन ने 24 गेंदों में 4 चौकों के साथ 41 रन की नाबाद पारी खेली। मेहमान टीम की तरफ से हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए। अक्षर पटेल ने 1 विकेट निकाला। विशाल लक्ष्य का दबाव टीम इंडिया पर नजर आया। भारतीय खेमा सिर्फ 11.4 ओवरों में 76 रन पर ऑलआउट हो गया। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने 1.5 ओवरों में 23 रन की साझेदारी की।
अभिषेक 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कुछ देर बाद टीम ने सूर्यवंशी का विकेट भी गंवा दिया, जो 2 छक्कों के साथ 13 रन बनाकर आउट हुए। यहां से विकेटों का पतझड़ लग गया। मेहमान टीम की तरफ से सलामी बल्लेबाजों के अलावा, ईशान किशन (13) और अक्षर पटेल (10) ही दहाई का आंकड़ा छू सके।
इंग्लैंड की ओर से जोश टंग ने 28 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, जोफ्रा आर्चर को 3 विकेट हाथ लगे। आदिल रशीद ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट विल जैक्स ने चटकाया। दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। इसके बाद इंग्लैंड ने दूसरे मैच को 4 विकेट से अपने नाम किया। सीरीज के शेष दो मुकाबले 9 और 11 जुलाई को क्रमश: ब्रिस्टल और साउथैम्प्टन में खेले जाने हैं।
Updated on:
08 Jul 2026 07:08 am
Published on:
08 Jul 2026 07:08 am
