18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs ENG 3rd ODI: इंग्लैंड के पास 8 साल बाद कहानी बदलने का मौका, जानें कैसा है लॉर्ड्स के मौसम का मिजाज

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। जानें मौसम का हाल और इस मुकाबले से जुड़ी सभी अहम जानकारी।
2 min read
Google source verification
Lords Cricket Ground

लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान (फोटो- IANS)

Lord's Weather Report IND vs ENG 3rd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इंग्लैंड के पास 8 साल बाद टीम इंडिया से सीरीज जीतने का मौका है। फिलहाल दोनों टीमें एक एक मैच जीतकर सीरीज में बराबरी पर हैं और आखिरी मैच जीतने वाली टीम सीरीज पर कब्जा कर लेगी। ऐसे में चलिए जानते हैं लॉर्ड्स का मौसम कैसा रहने वाला है।

2018 में इंग्लैंड ने जीती थी आखिरी सीरीज

लॉर्ड्स में जहां टीम इंडिया मुकाबला जीतकर टी20 सीरीज में हार का बदला लेना चाहेगी तो वहीं मेजबान टीम 8 साल के बाद टीम इंडिया के खिलाफ वनडे सीरीज जीतना चाहेगी। इससे पहले इंग्लैंड ने 2018 में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज जीती थी और उस दौरे पर भी टीम इंडिया को पहले मैच में जीत मिली थी लेकिन दूसरे और तीसरे मैच में वो हार गई थी। उस सीरीज के बाद भारत और इंग्लैंड की टीमें 3 वनडे सीरीज खेल चुकी हैं और तीनों बार अंग्रेजों को हार झेलनी पड़ी है।

पहले वनडे में मिली हार के बाद दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में इंग्लैंड ने शानदार वापसी की। इंग्लिश गेंदबाज भारतीय टीम को 233 रनों पर समेटने में सफल रहे। जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन कार्डिफ में बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे, जबकि साकिब महमूद ने भी 2 विकेट चटकाए थे। पिच से मिल रहे दोहरे उछाल का भरपूर फायदा इंग्लिश गेंदबाजों ने उठाया था। वहीं, बल्लेबाजी में जो रूट ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 99 रनों की नाबाद पारी खेली थी।

रोहित शर्मा पर होंगी सबकी नजरें

दूसरी ओर, भारतीय टीम तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में अपने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की आस करेगी। दो मैचों में बल्ले से कुछ खास करने में नाकाम रहे रोहित शर्मा से टीम को इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं, कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन भी अहम योगदान देना चाहेंगे। श्रेयस अय्यर वनडे सीरीज में अच्छी लय में दिखाई दिए हैं। गेंदबाजों का प्रदर्शन शुरुआती दोनों वनडे मुकाबलों में संतोषजनक रहा है।

लॉर्ड्स में बारिश की संभावना नहीं

लॉर्ड्स में तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 से खेला जाएगा। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन में रविवार को मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है और बारिश होने की आशंका न के बराबर है।