5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अभिषेक ने तोड़ा मैक्सवेल-रसेल जैसे धुरंधरों का रिकॉर्ड, टी20 में सबसे तेज 5 हजार रन पूरे

India vs New Zealand 1st T20: नागपुर के VCA स्टेडियम में अभिषेक शर्मा ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने रोहित शर्मा और केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा और सूर्यकुमार यादव को पछाड़ दिया।

2 min read
Google source verification
अभिषेक शर्मा (फोटो- IANS)

अभिषेक शर्मा (फोटो- IANS)

IND vs NZ 1st T20: न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर के वीसीए स्टेडियम में अभिषेक शर्मा की एक और तूफानी पारी देखने को मिली। इस मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में ताबड़तोड़ 84 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल थे। इस पारी की बदौलत अभिषेक शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टी20 पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए।

22 गेंदों में ठोका अर्धशतक

अभिषेक शर्मा ने इस मुकाबले में महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसके साथ ही उन्होंने केएल राहुल और रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले केएल राहुल और रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 30-30 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। रिकॉर्ड का सिलसिला यहीं नहीं रुका। अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट मे 5000 रन पूरे कर लिए और वह सबसे तेज 5 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में आंद्रे रसेल, विल जैक्स, ग्लेन मैक्सवेल और टिम डेविड जैसे धुरंधर बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया।

अभिषेक शर्मा ने अपने टी20 करियर में 2898 गेंदों का सामना करने के बाद यह उपलब्धि हासिल की। वहीं आंद्रे रसेल ने 5000 रन पूरे करने के लिए 2942 गेंदें, टिम डेविड ने 3127 गेंदें, विल जैक्स ने 3196 गेंदें, जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 3239 गेंदों का सामना किया था।

इस मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 238 रन बनाए। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की। संजू 10 रन बनाकर आउट हुए, तो 2 साल बाद टीम इंडिया में लौटने वाले ईशान 8 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा ने पारी को संभाला और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। अभिषेक शर्मा अर्धशतक के बाद भी क्रीज पर डटे रहे, लेकिन दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव 32 रन बनाकर आउट हो गए।

रिंकू ने खेली विस्फोटक पारी

इसके बाद हार्दिक पांड्या ने 16 गेंदों में 25 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। जहां 11वें ओवर में सूर्यकुमार यादव आउट हुए, वहीं 12वें ओवर में अभिषेक शर्मा भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद शिवम दुबे 14वें ओवर में सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। हार्दिक पांड्या भी 16वें ओवर में 25 रन बनाकर आउट हो गए। आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर 20 गेंदों में 44 रन की विस्फोटक पारी खेली। रिंकू की इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।