
India vs New Zealand, 2nd Test day 2 Highlights: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट असोसिएशन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है और न्यूजीलैंड मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 198 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर टॉम ब्लंडेल 30 और ग्लेन फिलिप्स 9 रन बनाकर खेल रहे हैं। पहली पारी के आधार पर कीवी टीम ने 301 रन की बढ़त बना ली है।
पहली पारी में भारत को मात्र 156 रन पर ढेर करने के बाद न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की। न्यूजीलैंड को 36 के स्कोर पर पहला झटका लगा। सुंदर ने कॉनवे को एलबीडबल्यू आउट कर पवेलियन भेजा था। कॉनवे ने 25 गेंद पर 17 रन बनाए। फिर न्यूजीलैंड को 78 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। आर अश्विन ने विल यंग को 23 के स्कोर पर एल्बीडब्ल्यू आउट किया।
चाय के ठीक बाद 89 के स्कोर पर कीवियों को तीसरा झटका लगा। रचिन रवींद्र नौ रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। 123 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को चौथा झटका लगा। डेरिल मिचेल 18 रन के स्कोर पर अपना विकेट फेंक कर चले गए। वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर मिचेल ने क्रीज़ के बाहर आकार लंबा शॉट लगाने की कोशिश की और यशस्वी जायसवाल को कैच दे बैठे।
183 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर ने टॉम लाथम को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। न्यूजीलैंड के कप्तान शतक से चूक गए और 133 गेंद में 10 चौके की मदद से 86 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद न्यूजीलैंड का कोई अन्य विकेट नहीं गिरा।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 259 रन बनाए थे। वहीं भारत को मात्र 156 रन पर ढेर कर दिया था। ऐसे में पहली पारी के आधार पर कीवी टीम ने भारत पर बढ़त 301 रन की बढ़त बना ली है। इस विकेट पर 300 से ज्यादा का लक्ष्य चेज़ करना आसान नहीं होगा।
Updated on:
25 Oct 2024 04:51 pm
Published on:
25 Oct 2024 04:44 pm
