
वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से झड़प (फोटो- Sony Sports Networks)
Vaibhav Suryavanshi vs Sri Lanka A: सोमवार को दांबुला के रनगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत-ए को रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका-ए के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में भारत-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 265 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका-ए की टीम ने भी 265 रन बनाकर मुकाबले को टाई कर दिया। इसके बाद सुपर ओवर खेला गया, जहां भारत-ए 18 रन के लक्ष्य के जवाब में सिर्फ 9 रन ही बना पाया।
इस दौरान वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ झड़प भी हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, भारत-ए के लिए सुपर ओवर में 18 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश सेठ सिर्फ 9 रन ही बना सके। कम रोशनी की वजह से दोनों बल्लेबाज लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए। इसके बाद हार के बाद जब भारतीय खिलाड़ी पवेलियन लौट रहे थे, तब श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने उनसे कुछ ऐसा कहा कि सूर्यवंशी अपना आपा खो बैठे और उन्होंने श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का तक दे दिया।
ग्रुप स्टेज में भारत-ए और श्रीलंका-ए दोनों मुकाबले खेल चुके हैं, लेकिन अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं तो एक बार फिर से उनकी भिड़ंत हो सकती है। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं। हालांकि इसके लिए कई समीकरण बन रहे हैं।
आपको बता दें कि श्रीलंका-ए ने लगातार दोनों मुकाबले जीतकर फाइनल की दावेदारी सबसे मजबूत कर ली है। टीम 4 अंकों के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है। वहीं भारत-ए तीन मैचों में 2 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। दूसरी ओर अफगानिस्तान-ए दो मैचों में 2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, क्योंकि उसका नेट रन रेट माइनस में है।
अब भारतीय टीम को अगला मुकाबला 17 जून को अफगानिस्तान-ए के खिलाफ खेलना है। फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए भारत-ए को यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। साथ ही टीम इंडिया को यह भी उम्मीद करनी होगी कि अगर अफगानिस्तान-ए श्रीलंका-ए को अपने आखिरी मुकाबले में हरा भी दे, तो उसका नेट रन रेट भारत से बेहतर न हो। ऐसे में श्रीलंका-ए और भारत-ए एक बार फिर फाइनल में आमने-सामने हो सकते हैं।
हालांकि अफगानिस्तान-ए के पास अभी दो मुकाबले बाकी हैं और वह दोनों मैच जीतकर भी फाइनल में पहुंच सकती है। ऐसे में अगर भारत-ए को अफगानिस्तान-ए के खिलाफ हार मिलती है, तो फिर अफगानिस्तान-ए और श्रीलंका-ए के बीच फाइनल खेला जाएगा।
वहीं अगर अफगानिस्तान-ए सिर्फ श्रीलंका-ए को हरा देता है और भारत-ए के खिलाफ मुकाबला हार जाता है, तो उसके फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं मुश्किल हो जाएंगी। दूसरी तरफ श्रीलंका-ए अगर अफगानिस्तान-ए के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला टाई कर लेती है या मैच बारिश की वजह से नहीं हो पाता, तब भी वह फाइनल में पहुंच जाएगी। हालांकि अगर श्रीलंका-ए को बड़े अंतर से हार मिलती है, तो उसकी फाइनल खेलने की उम्मीदों को झटका लग सकता है।
Published on:
16 Jun 2026 12:18 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
