टीम इंडिया की रणनीति की तारीफ़-
वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने पोथास के हवाले से लिखा है, "मैंने पहले कहा, वो (भारत) विश्व स्तर की टीम है। वह जिस तरह से प्लानिंग करते हैं वो मुझे काफी पसंद है। मेरे उनके कोचिंग स्टाफ से अच्छे संबंध हैं साथ ही उनके खिलाड़ियों से। इसलिए मैं जानता हूं कि वह किस तरह से रणनीति बनाते हैं।"पोथास ने कहा, "यह टीम हर दिन सुधार करना चाहती है और इसके लिए विराट कोहली तथा कोचिंग स्टाफ को श्रेय जाता है। निश्चित तौर पर उनका लीडरशिप सिस्टम प्ररेणादायी है। इसलिए आप हमेशा से टीम को सुधार करते हुए देखते हैं।"वेस्टइंडीज ने इस सीरीज में उम्मीदों से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया है। उसने दूसरा मैच टाई कराया तो वहीं तीसरे मैच में जीत हासिल कर सीरीज में बराबरी कर ली थी। चौथा मैच हालांकि उसने गंवा दिया, लेकिन विंडीज गुरुवार को होने वाले पांचवें मैच में जीत हासिल कर लेती है तो सीरीज का नतीजा 2-2 से बराबर होगा। पोथास ने कहा है कि उनके पास भारत के खिलाफ रणनीति है।