
टी20 विश्व कप 2026 सुपर 8 में भारत बनाम वेस्टइंडीज (Image: ANI)
ICC T20 World Cup 2026 Super 8: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 दौर में टीम इंडिया की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन के बड़े अंतर से धूल चटाई। इस हार के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह काफी मुश्किल हो गई है। आगे टीम इंडिया के सामने 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे और फिर 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज (India vs West Indies) की चुनौती है। जिम्बाब्वे से जीत की उम्मीद तो बनती है, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ आंकड़े भारत के पक्ष में बिल्कुल नहीं हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें अब तक चार बार आमने-सामने हुई हैं और वेस्टइंडीज ने तीन मैच जीते हैं, जबकि भारत को केवल एक जीत मिली है।
2009 वर्ल्ड कप (इंग्लैंड)
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 153/7 का स्कोर खड़ा किया। युवराज सिंह ने 43 गेंदों में 67 रन बनाए लेकिन बाकी भारतीय बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। जवाब में वेस्टइंडीज ने 18.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य का सफल पीछा कर लिया। ड्वेन ब्रावो 66 (36) और लेंडल सिमन्स 44 (37) की घातक बल्लेबाजी के सामने भारतीय गेंदबाज पूरी तरह बेअसर रहे। यह मैच सुपर चरण का हिस्सा था और इस हार के बाद भारत का टूर्नामेंट से बाहर होने का रास्ता लगभग तय हो गया था।
2010 वर्ल्ड कप (वेस्टइंडीज)
अपने घर पर खेलते हुए वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 169/6 का स्कोर बनाया, जिसमें क्रिस गेल ने 98 रन रनों की आतिशी पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 155/9 पर सिमट गई और 14 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा। भारतीय बल्लेबाज वेस्टइंडीज की शॉर्ट पिच गेंदों से बेहद परेशान नजर आए। गेल को मैन ऑफ द मैच दिया गया। कप्तान धोनी के लिए यह हार बेहद शर्मनाक रही क्योंकि 170 का लक्ष्य भारतीय बल्लेबाजी क्रम के लिहाज से बहुत कठिन नहीं था।
2014 वर्ल्ड कप (बांग्लादेश)
यह टी20 वर्ल्ड कप में भारत की वेस्टइंडीज पर एकमात्र जीत है। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और वेस्टइंडीज को 129/7 पर रोक दिया। भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में महज 3 रन देकर विंडीज के बल्लेबाजों को बैकफुट पर रखा, साथ ही अमित मिश्रा ने 2 और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट चटकाए। जवाब में रोहित शर्मा (62*) और विराट कोहली (54) ने 106 रन की साझेदारी कर भारत को रोमांचक मुकाबले में 2 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई। मिश्रा लगातार दूसरे मैच में मैन ऑफ द मैच बने।
2016 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल (मुंबई)
यह हार भारत के लिहाज से सबसे दर्दनाक रही। विराट कोहली ने 47 गेंदों में नाबाद 89 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, रोहित ने 43 और राहाणे ने 40 रन जोड़े, जिससे भारत ने सिर्फ 2 विकेट खोकर 192 का विशाल स्कोर बनाया। विंडीज के लिए लेंडल सिमंस (82*) और जॉनसन चार्ल्स (52) ने शुरुआती झटकों के बाद पारी संभाली। डेथ ओवर्स में आंद्रे रसेल ने 20 गेंदों में 43 रन ठोके। कोहली को खुद अंतिम ओवर फेंकना पड़ा और रसेल के छक्के ने मुकाबला पलट दिया। वेस्टइंडीज ने 2 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
चार मुकाबलों में वेस्टइंडीज का पलड़ा 3-1 से भारी है। खास बात यह है कि बड़े मंच पर दबाव में ख्लते हुए वेस्टइंडीज ने भारत को हमेशा मात दी है। 2016 के सेमीफाइनल जैसी हार की यादें मैच में उतरते समय भारतीय टीम के जहन में होंगी। इस बार दक्षिण अफ्रीका से बड़ी हार के बाद मनोबल भी टूटा हुआ है और नेट रन रेट भी। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत को न केवल जीतना होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीतना होगा।
Updated on:
23 Feb 2026 08:39 pm
Published on:
23 Feb 2026 08:38 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
