
भारतीय टीम। (फोटो सोर्स: IANS)
ICC Men’s T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 ग्रुप-1 का दूसरा मुकाबला आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जहां वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। जिस तरह का प्रदर्शन जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में किया था, वह इस मुकाबले में नजर ही नहीं आया और वेस्टइंडीज के सामने टीम पूरी तरह घुटने टेकती दिखाई दी। वेस्टइंडीज ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 147 रनों पर ही ढेर हो गई है। इस प्रकार से वेस्टइंडीज ने 107 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
वेस्टइंडीज की टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रनों के लिहाज से यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। कैरेबियाई टीम ने 2024 में युगांडा को 134 रनों से मात दी थी, जो उसकी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले वह 2024 में अफगानिस्तान को ग्रोस आइलेट में 104 रन, 2014 में पाकिस्तान को मीरपुर में 84 रन और 2012 में ऑस्ट्रेलिया को कोलंबो में 74 रनों के अंतर हरा चुका है।
वेस्टइंडीज इस शानदार जीत के बाद ग्रुप-1 में पहले स्थान पर पहुंच गई है और उसका नेट रन रेट सबसे बेहतर है। वहीं भारतीय टीम अंक तालिका में चौथे स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अगर भारतीय टीम अपने बाकी दोनों मुकाबले जीत भी लेती है, तब भी नेट रन रेट के मामले में साउथ अफ्रीका या वेस्टइंडीज से पेच फंस सकता है। अब देखना यह होगा कि इस ग्रुप में वेस्टइंडीज अपने तीनों मैच जीतती है या साउथ अफ्रीका अपने सभी मुकाबले जीतती है।
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाए। शिमरोन हेटमायर ने 34 गेंदों में सर्वाधिक 85 रन बनाए। अपनी इस पारी में हेटमायर ने 7 चौके और 7 छक्के लगाए। वहीं, रोवमैन पॉवेल ने 35 गेंदों में 59 रनों का योगदान दिया। शेरफेन रदरफोर्ड ने सिर्फ 13 गेंदों में 31 रन बनाए और वह नाबाद रहे।
वेस्टइंडीज से मिले 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। ग्रुप स्टेज में कमाल की फॉर्म में नजर आए ब्रायन बेनेट महज 5 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर-बल्लेबाज मारुमानी भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
डायोन मायर्स ने 15 गेंदों में 3 चौके और दो छक्के लगाते हुए 28 रन बनाए। हालांकि, रयान बर्ल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। कप्तान सिकंदर रजा ने 20 गेंदों में 27 रनों की पारी खेली तो ब्रायन इवांस ने 21 गेंदों में 43 रन बनाए। इवांस ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका और पूरी टीम 147 रन बनाकर ढेर हो गई।
गेंदबाजी में कैरेबियाई टीम के स्पिन गेंदबाज गुडाकेश मोती और अकील हुसैन जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए। गुडाकेश ने 4 ओवर में महज 28 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, अकील ने 28 रन देकर 3 बड़े विकेट चटकाए।
Updated on:
24 Feb 2026 11:03 am
Published on:
23 Feb 2026 10:45 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
