
India vs Australia: वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल का स्टेज सज गया है। पांच बार की पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को फिर चोकर्स साबित किया और तीन विकेट से मैच जीतकर रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में जगह बनाई। अब ऑस्ट्रेलिया और मेजबान भारत के बीच चैंपियन बनने के लिए महामुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2003 के बाद पहली बार फाइनल में भिड़ंत होगी। जहां रोहित शर्मा 20 साल बाद सौरव गांगुली के अपमान का बदला लेंगे।
दो दशक पुराना हिसाब चुकाने का मौका
भारतीय टीम के पास ऑस्ट्रेलिया से 20 साल पुराना हिसाब चुकाने और चैंपियन बनने का बेहतरीन मौका है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इससे पहले वनडे विश्व कप का फाइनल जोहानिसबर्ग में 2003 में खेला गया था। लेकिन, तब सौरव गांगुली की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 125 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
लीग मैच में भारत ने दी थी शिकस्त
भारतीय टीम ने इस विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में जीत से की थी। तब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 199 रन पर समेटने के बाद सात विकेट से मुकाबला जीता था। इस टूर्नामेंट में भारत का विजय अभियान जारी है। भारतीय फैंस उम्मीद करेंगे कि शुरुआत के बाद अब टूर्नामेंट का अंत भी ऑस्ट्रेलिया को हराकर किया जाए।
फैक्ट फाइल
13 वनडे भारत ने ऑस्ट्रेलिया से विश्व कप में खेले है
05 मुकाबले भारत ने और आठ ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं
10 मैच लगातार जीतकर भारतीय टीम फाइनल में पहुंची
8 मैच लगातार ऑस्ट्रेलिया ने जीते, शुरुआती दो मैच हारे थे
दक्षिण अफ्रीका 5वां विश्व कप सेमीफाइनल भी हारी
1992 में इंग्लैंड ने 19 रन से हराया।
1999 में ऑस्ट्रेलिया से मैच टाई हुआ, कंगारू टीम फाइनल में।
2007 में ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से हराया।
2015 में न्यूजीलैंड ने 4 विकेट से हराया।
2023 में ऑस्ट्रेलिया ने 3 विकेट से हराया।
Published on:
17 Nov 2023 08:15 am
