
India vs Australia Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही चार मैचों की टेस्ट सीरीज़ का चौथा और आखिरी टेस्ट अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 4 विकेट खोकर 300 से ज्यादा रन बना लिए हैं। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा शतक लगाकर खेल रहे हैं।वहीं उनका साथ कैमरून ग्रीन दे रहे हैं।
इस मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया टीम के बल्लेबाज काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे हैं। दरअसल इस सीरीज के बीच में ही ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया वापस लौट गए थे। कमिंस अपनी मां के खराब स्वास्थ्य के चलते सीरीज छोड़कर गए थे। अब खबर आई है कि गुरुवार देर रात उनकी मां का निधन हो गया है।
दूसरे दिन की शुरुआत से पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने ट्वीट कर लिखा, 'मारिया कमिंस के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की ओर से हम पैट, कमिंस परिवार और उनके दोस्तों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। ऑस्ट्रेलियन टीम आज सम्मान के तौर पर काली पट्टी पहनकर मैदान में उतरेगी।'
वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी पैट कमिंस के साथ संवेदना व्यक्त की है। बीसीसीआई ने ट्वीट कर लिखा, 'पैट कमिंस की मां के निधन पर भारतीय क्रिकेट की ओर से हम दुख व्यक्त करते हैं। इस कठिन समय में हमारे विचार और प्रार्थना उनके और उनके परिवार के साथ हैं।'
पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कमान स्टीव स्मिथ के हाथों में है। स्मिथ ने इंदौर टेस्ट में शानदार कप्तानी करते हुए भारत को 8 विकेट से हरा कंगारू टीम को इस सीरीज में वापसी कराई है। वहीं इस टीम में भी ऑस्ट्रेलिया फ्रंट फुट पर है और शानदार प्रदर्शन कर रहा है।
Published on:
10 Mar 2023 10:45 am
