
India vs England 2nd semifinal pitch and weather update: टी20 वर्ल्ड कप 2022 का दूसरा सेमीफाइनल मुक़ाबला भारत और इंग्लैंड के बीच एडिलेड ओवल में खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम 13 नवंबर को मेलबर्न में होने वाले फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराया है। भारत और इंग्लैंड की टीम 10 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी।
टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से दो मैच भारत ने जीते, वहीं एक मैच में इंग्लैंड की टीम को जीत हासिल हुई। इस बार दोनों टीमें न्यूट्रल वेन्यू पर आमने-सामने हैं। किसी न्यूट्रल वेन्यू पर भारत और इंग्लैंड की टीम दो बार आमने-सामने आ चुकी है। इसमें से भारत ने दोनों मैच जीते हैं। वहीं इस साल भारत और इंग्लैंड की टीम तीन टी20 मैचों में आमने-सामने आई है। यह तीनों टी20 मैच भारत के इंग्लैंड दौरे पर खेले गए थे। भारत ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। यानी भारत ने दो और इंग्लैंड ने एक मैच में जीत हासिल की हैं।
ऐसी है एडिलेड की पिच
एडिलेड ओवल की जिस पिच पर भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल खेला जाना है, उस पर आखिरी बार 4 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान की टक्कर हुई थी और जमकर रन बरसे थे। ऑस्ट्रेलिया ने 169 रनों का लक्ष्य दिया था और अफगानिस्तान भी बेहद करीब पहुंचकर हारा था। अफगानिस्तान ने 164 रन बना दिए थे और 4 रन से मैच गंवाया था। उस मैच में ऑस्ट्रेलिया के 8 और अफगानिस्तान के 7 विकेट गिरे थे, यानी गेंदबाजों के लिए भी काफी कुछ मौजूद रहेगा। पुरानी पिच पर मैच होने से स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलेगी और भारत के रविचंद्रन अश्विन इस मैच में तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं। इंग्लैंड की टीम में तीन बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और अश्विन का रिकॉर्ड भी बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ शानदार है। इसके अलावा इस पिच में धीमी गेंदों पर बल्लेबाज आउट हो सकते हैं।
एडिलेड के मैदान पर कुल 11 टी20 मैच हुए हैं और पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने सात मुकाबले जीते हैं। वहीं, चार मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं। इस मैदान में 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ 233 रन बना दिए थे। डेविड वॉर्नर ने इस मैच में शतक लगाया था। यह इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर है।
एडिलेड का मौसम -
भारत और बांग्लादेश का मुकाबला इसी मैदान पर हुआ था और बारिश ने उस मैच में काफी परेशान किया था। अगर गुरुवार की बात करें तो बारिश की थोड़ी आशंका जरूर है लेकिन इससे मैच पर शायद ही कोई प्रभाव पड़ने वाला है। नमी बहुत होगी और मौसम शाम को काफी ठंडा भी रहने वाला है। तापमान की बात करें तो गुरुवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने की उम्मीद है।
Published on:
10 Nov 2022 11:01 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
