
ICC T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 (Super 8) में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रविवार को होने जा रहे मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने साफ कर दिया है कि खराब फॉर्म से जूझ रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) प्लेइंग 11 में बने रहेंगे। प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा कि अभिषेक ने पिछले पूरे साल टीम के लिए खुद को झोंका, इसलिए अब टीम की जिम्मेदारी है कि वह उनके साथ खड़ी रहे। उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए कहा, "जो लोग अभिषेक शर्मा की फॉर्म के बारे में चिंतित हैं, मैं उनके बारे में चिंतित हूं। वह अभी तक रन नहीं बना पाए हैं, लेकिन जब वो बनाएंगे, तो आपने देखा है क्या होता है।"
टूर्नामेंट में अभिषेक का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के ठीक उलट रहा है। ग्रुप स्टेज में उन्होंने तीन मैच खेले और तीनों में शून्य पर आउट हुए।
खराब प्रदर्शन के चलते अभिषेक ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपने पहले तीन मैचों में एक भी रन न बना पाने वाले तीसरे बल्लेबाज बनने का अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। हालांकि इसके बावजूद भारत ने ग्रुप स्टेज में चारों मैच जीते और ग्रुप-ए में शीर्ष पर रहा।
कप्तान सूर्यकुमार का अपने विस्फोटक ओपनर पर यह भरोसा बेवजह नहीं है। साल 2025 में अभिषेक शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के सबसे आक्रामक बल्लेबाज रहे थे। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 54 गेंदों में 135 रन की पारी खेली जो टी20 अंतर्राष्ट्रीय में किसी भारतीय खिलाड़ी का सर्वोच्च स्कोर है। न्यूजीलैंड के खिलाफ गुवाहाटी में महज 14 गेंदों में अर्धशतक जड़ा जो भारत की ओर से टी20 अंतर्राष्ट्रीय का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। 2025 एशिया कप में तो उनका प्रदर्शन विरोधी गेंदबाजों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था। सात पारियों में अभिषेक ने 314 रन बनाए, जो टूर्नामेंट के इतिहास में किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन हैं। इस प्रदर्शन के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
इसी दौर में अभिषेक ने आईसीसी की टी20 रैंकिंग में नंबर-1 का ताज भी हासिल किया और 931 रेटिंग अंकों के साथ टी20 के इतिहास में सर्वाधिक रेटिंग पाने वाले बल्लेबाज बने। वर्तमान टूर्नामेंट में तीन शून्य के बावजूद वह आईसीसी रैंकिंग में नंबर-1 पर बने हुए हैं। सूर्यकुमार का बयान दर्शाता है की कप्तान के तौर पर उनकी मानसिकता साफ है, एक खिलाड़ी का फॉर्म अस्थायी होता है, लेकिन उसकी काबिलियत और क्लास नहीं।
Published on:
21 Feb 2026 07:06 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
