Sai Sudharsan and Prasidh Krishna: गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने ऑरेंज कैप, जबकि उनकी ही टीम के साथ गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने पर्पल कैप का पुरस्कार जीता।
Sai Sudharsan and Prasidh Krishna won the Orange Cap and Purple Cap respectively in IPL 2025: गुजरात टाइटंस (GT) के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने मंगलवार को IPL 2025 सीजन के दौरान सबसे अधिक रन बनाने के लिए ऑरेंज कैप पुरस्कार जीता। 23 वर्ष और 231 दिन की उम्र में साई सुदर्शन यह सम्मान पाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया। 2023 में जब शुभमन गिल ने यह पुरस्कार प्राप्त किया था, तब उनकी उम्र 23 वर्ष और 263 दिन थी।
वहीं मौजूदा सीजन में साई सुदर्शन ने 15 पारियों में 759 रन बनाए हैं। उन्होंने 54.21 की औसत से रन बनाए और एक शतक तथा छह अर्द्धशतक लगाए हैं। वैसे पिछले सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली ने 154.69 की स्ट्राइक रेट से 741 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी।
IPL इतिहास पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर के नाम सबसे ज्यादा बार ऑरेंज कैप जीतने का रिकॉर्ड है। वे तीन सीजन 2015, 2017 और 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए शीर्ष स्कोरर रहे थे।
वहीं गुजरात टाइटंस के स्पीड स्टार प्रसिद्ध कृष्णा ने IPL 2025 में सर्वाधिक विकेट चटकाने के लिए पर्पल कैप का पुस्कार जीता। अपने IPL डेब्यू सीजन में उन्होंने कमाल की गेंदबाजी की और 15 मैच में 8.27 की इकॉनमी और 19.52 की औसत से कुल 25 विकेट झटके हैं। इस दौरान उन्होंने 354 गेंद में 488 रन दिए हैं।