
दिल्ली कैपिटल्स (फोटो- IANS)
IPL 2026 DC Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 में सोमवार को पंजाब किंग्स को हराने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने अपने अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। टीम 12 मैच खेल चुकी है, लेकिन सिर्फ पांच में जीत हासिल की है और सात मुकाबले गंवाए हैं। टीम का नेट रन रेट -0.993 है, जो इस टूर्नामेंट में सबसे खराब है। दिल्ली कैपिटल्स को अब इस सीजन में दो मैच और खेलने हैं। ऐसे में चलिए समझते हैं कि कैसे दिल्ली कैपिटल्स अंतिम चार में पहुंच पाएगी या पहुंचेगी भी या नहीं।
आपको बता दें कि दिल्ली ने इस सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और पहले दो मुकाबलों में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस को हराया था, लेकिन अगले दो मुकाबलों में वह हार गई। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उन्होंने शानदार 6 विकेट से जीत दर्ज की, लेकिन फिर अगले तीन मुकाबलों में वह हार गए। टीम ने शुरुआती 8 में से सिर्फ तीन मुकाबले जीते थे, जबकि पांच गंवा दिए थे। अगले चार में से सिर्फ दो में ही जीत हासिल कर पाई और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा।
अब स्थिति यह है कि टीम के पास सिर्फ दो ही मैच बचे हैं और वह अगर दोनों जीत लेती है तो अधिकतम 14 अंकों तक पहुंच पाएगी। हालांकि, टीम का नेट रन रेट भी माइनस में है। उनका सामना राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स से होना है और इन दोनों मुकाबलों को बड़े अंतर से जीतकर टीम अपना नेट रन रेट बेहतर तो कर ही सकती है, साथ ही प्लेऑफ की उम्मीदों को भी जिंदा रख सकती है।
हालांकि, दो मैच जीतकर प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल लग रहा है, क्योंकि आरसीबी, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात पहले ही सात-सात मुकाबले जीत चुके हैं और इन टीमों का नेट रन रेट भी काफी बेहतर है। वहीं पंजाब किंग्स, सीएसके और राजस्थान रॉयल्स ने छह-छह मुकाबले जीते हैं और इन सभी टीमों को अभी तीन-तीन मैच और खेलने हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को सिर्फ दो ही मैच खेलने हैं।
ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स आधिकारिक तौर पर तो बाहर नहीं हुई है, लेकिन जैसे ही आरसीबी, सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात और पंजाब किंग्स एक-एक मुकाबला जीत लेते हैं, डीसी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। ऐसे में साफ कहा जा सकता है कि दिल्ली कैपिटल्स के अंतिम चार में पहुंचने की संभावनाएं ना के बराबर बची हैं।
Updated on:
12 May 2026 10:28 am
Published on:
12 May 2026 10:28 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
