
IPL 2026: शुभमन गिल (Photo-IANS)
IPL 2026: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हरा दिया है। इस मैच में KKR ने GT को 181 रनों का लक्ष्य दिया था।
KKR से मिले 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी GT की अच्छी शुरुआत हुई। पहले विकेट के लिए साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने मिलकर 57 रन जोड़े। सुदर्शन 16 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद सुनील नरेन का शिकार बने। इसके बाद जोस बटलर और गिल ने दूसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 38 रन जोड़े। बटलर 15 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी तरफ कप्तान शुभमन गिल ने एक छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और अर्धशतक पूरा किया।
KKR के खिलाफ खेले जा रहे मैच में शुभमन गिल ने शानदार पारी खेली। गिल ने 50 गेंदों का सामना करते हुए 86 रन बनाए। अपनी इस पारी में गिल ने 8 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर 13 रन ही बना सके। ग्लेन फिलिप्स 16 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए। शाहरुख खान 3 और राहुल तेवतिया 7 रन बनाकर नाबाद रहे। KKR की तरफ से गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि वैभव अरोड़ा और रमनदीप सिंह ने एक-एक विकेट निकाला।
टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करते हुए KKR की पूरी टीम 180 रन बनाकर सिमट गई। टीम की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही और कप्तान अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी भी सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुए। टिम सीफर्ट भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 14 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद कगिसो रबाडा की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को कैच देकर पवेलियन लौटे।
हालांकि, कैमरून ग्रीन ने एक छोर संभाले रखा और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन में अपना पहला अर्धशतक लगाया। ग्रीन ने 55 गेंदों का सामना करते हुए 79 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में ग्रीन ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। हालांकि, ग्रीन को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।
रोवमैन पॉवेल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 20 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अनुकूल रॉय 9 रन बनाकर चलते बने, जबकि रिंकू सिंह एक रन ही बना पाए। रमनदीप सिंह ने 17 रनों का योगदान दिया। गुजरात टाइटंस की तरफ से गेंदबाजी में कगिसो रबाडा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा ने दो-दो निकाले। राशिद खान और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-एक विकेट झटका। यह गुजरात टाइटंस की इस सीजन की तीसरी जीत है।
Updated on:
18 Apr 2026 12:45 am
Published on:
18 Apr 2026 12:43 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
