
हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव। (फोटो सोर्स: IANS)
Mumbai Indians on Hardik Pandya: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सोमवार की शाम को जब टॉस के लिए हार्दिक पंड्या की जगह सूर्यकुमार यादव आए, तो सबके मन में ये सवाल उठने लगा कि अचानक नियमित कप्तान को क्यों बाहर होना पड़ा। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 47वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में MI के नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या नहीं खेले। उनकी जगह सूर्यकुमार यादव लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ टीम की कमान संभाले। हालांकि बाद में फ्रेंचाइजी ने बताया कि अचानक हार्दिक पंड्या को क्यों प्लेइंग 11 से बाहर होना पड़ा।
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, "आज की प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव हैं। राज बावा, रघु शर्मा, दीपक चाहर और कॉर्बिन बॉश को मौका दिया गया है। हार्दिक पंड्या, मिंज, कृष और बोल्ट इस मुकाबले से बाहर हैं। पीठ में खिंचाव के कारण हार्दिक टीम से बाहर हैं।"
वानखेड़े स्टेडियम में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला करते हुए मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे। आज रात थोड़ी उमस भी है। हवा बिल्कुल नहीं चल रही है। पिछले 2-3 मुकाबलों में हमने देखा है कि दूसरी पारी में यहां क्या हुआ था। इसलिए स्थिति थोड़ी बेहतर हो गई है। हम इसका फायदा उठाना चाहते हैं और गेंदबाजों को मौका देना चाहते हैं। वह आज रात ठीक महसूस नहीं कर रहे हैं, इसलिए मैं उनकी जगह कप्तानी कर रहा हूं। लेकिन बाकी सब ठीक है।"
सूर्या ने प्लेइंग इलेवन में बदलाव को लेकर कहा, "टीम में कुछ बदलाव हैं। ट्रेंट बोल्ट की जगह कॉर्बिन बॉश आए हैं और हमारे अपने रोहित शर्मा भी वापस आ गए हैं। सच कहूं तो, जिस तरह का प्रदर्शन इस सीजन रहा है, उससे आप मुंह नहीं मोड़ सकते हैं। क्योंकि मुंबई इंडियंस को ऐसी मुश्किल स्थितियों में रहने की आदत नहीं है, लेकिन आखिर में यह सिर्फ एक खेल है। हमारे पास अभी पांच मैच बाकी हैं। हम ज्यादा से ज्यादा मैच जीतने की कोशिश करेंगे, अपना जज्बा दिखाएंगे और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।"
यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए निर्णायक है। मुंबई इंडियंस 9 में से 7 मैच गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। टीम ने अपने पिछले 3 मुकाबलों में हार का सामना किया है। दूसरी तरफ, लखनऊ सुपर जायंट्स 8 में से 6 मैच गंवाकर अंतिम पायदान पर है। इस टीम को पिछले 5 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है।
Updated on:
04 May 2026 09:23 pm
Published on:
04 May 2026 09:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
