4 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

निकोलस पूरन ने मचाई तबाही, मार-मार कर MI के गेंदबाजों का किया बुरा हाल, बना डाले ये रिकॉर्ड्स

Nicholas Pooran 2nd Fastest Fifty: निकोलस पूरन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और 5वीं बार 20 से कम गेंदों में फिफ्टी जड़ने वाले आईपीएल इतिहास के दूसरे बल्लेबाज बन गए।

2 min read
Google source verification
Nicholas Pooran and Jasprit Bumrah

निकोलस पूरन और जसप्रीत बुमराह (फोटो- IANS)

IPL 2026 MI vs LSG Update: आईपीएल 2026 के 47वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 229 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए एलएसजी ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए। इसमें निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में 8 छक्कों की मदद से 63 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इसके अलावा मिचेल मार्श और हिम्मत सिंह ने भी टीम के लिए अहम योगदान दिया। मुंबई इंडियंस की ओर से जसप्रीत बुमराह एक बार फिर खाली हाथ लौटे। उन्होंने 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें तीन नो-बॉल डालीं, लेकिन कोई विकेट नहीं ले सके।

MI की कप्तानी करने उतरे सूर्या

इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या की जगह सूर्यकुमार यादव टॉस करने उतरे और उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम में रोहित शर्मा की वापसी हुई, जबकि हार्दिक पंड्या को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया। लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जोश इंग्लिस 5 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाई और LSG के लिए सबसे तेज 100 रन जोड़ डाले।

पूरन ने किए कई कारनामे

निकोलस पूरन ने 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह आईपीएल में 5वीं बार 20 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इससे पहले अभिषेक शर्मा ने यह कारनामा किया है। वह अब तक 6 बार यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा पूरन ने LSG के इतिहास का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। इससे पहले पूरन ने ही 2023 में RCB के खिलाफ 15 गेंदों में यह कारनामा किया था।

मिचेल मार्श 44 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान ऋषभ पंत सिर्फ 15 रन ही बना सके। हालांकि दूसरे छोर पर निकोलस पूरन का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने 21 गेंदों में 8 छक्के और 1 चौके की मदद से 63 रन ठोक दिए। पूरन के आउट होने के बाद एडेन मार्करम और हिम्मत सिंह ने पारी को संभाला और टीम को 228 रन तक पहुंचाया। मार्करम ने 25 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि हिम्मत सिंह ने 31 गेंदों में 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 40 रन बनाए।

फिर खाली हाथ लौटे बुमराह

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी की बात करें तो दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह दोनों को कोई सफलता नहीं मिली। दोनों ने मिलकर 8 ओवर में 118 रन खर्च किए। एएम गजनफर ने 4 ओवर में 50 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि कॉर्बिन बॉश ने 2 ओवर में 2 विकेट हासिल किए। विल जैक्स ने 2 ओवर में 34 रन देकर 1 विकेट लिया। डेब्यू कर रहे रघु शर्मा ने 4 ओवर में 36 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।