
विराट कोहली और रोहित शर्मा। (फोटो सोर्स: IANS)
Rohit Sharma, Virat Kohli Injured, Indian premier league 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 20वां मुकाबला पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) और गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पूर्व कप्तान विराट कोहली फील्डिंग करने नहीं आए।
कोहली ने 38 गेंद पर 50 रन की पारी खेली। लेकिन इसके बाद वे फील्डिंग करने नहीं आए और पूरी मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी के दौरान ड्रेसिंग रूम में ही बैठे रहे। शुरू में ट्रैक सूट में दिखने वाले कोहली ने बाद में नेट्स की जर्सी पहन ली। उनकी जगह जैकब बैथेल को फील्डिंग पर भेजा गया।
कमेंटेटर्स ने मैच के दौरान बताया कि कोहली को टखने में चोट लग गई है, जिसके कारण वे फील्डिंग नहीं कर सके। हालांकि, इस चोट की गंभीरता अभी स्पष्ट नहीं है और यह भी नहीं पता चल सका कि इससे उनके आगे के मैचों पर कितना असर पड़ेगा।
इसी मैच में मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी चोटिल हो गए। 20 ओवर की फील्डिंग पूरी करने के बाद रोहित बल्लेबाजी के लिए उतरे और 13 गेंदों पर 19 रन बनाए। इसके बाद वे रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। चोट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे रिटायर्ड हर्ट होने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने भी नहीं उतरे।
मैच के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने रोहित शर्मा की चोट को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया। गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी चोट के कारण आईपीएल 2026 में अब तक कोई मैच नहीं खेल पाए हैं। अगर विराट कोहली और रोहित शर्मा भी चोट के चलते लीग से बाहर हो जाते हैं, तो यह क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ा झटका होगा।
मैच की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 240 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर सिर्फ 222 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
Published on:
13 Apr 2026 09:08 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
